दिनांक 03 जून 2025, मंगलवार को सांय 04:00 बजे लघु उद्योग भारती – रामचन्द्रपुरा इकाई की सातवीं मासिक बैठक का आयोजन SP1-2316, तिजारिया पॉलीपाइप्स लिमिटेड, रामचन्द्रपुरा में किया गया। बैठक में रिको सीतापुरा इकाई कार्यालय के अधिकारीगण, समिति के पदाधिकारीगण एवं क्षेत्र के प्रमुख उद्यमीगण उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता श्री अनिल कुमार पारीक जी द्वारा की गई तथा महासचिव श्री प्रवीण जैन तिजारिया जी ने कार्यवाही का संचालन किया। सबसे पहले महासचिव महोदय ने दिनांक 31/05/2025 की छठवीं मासिक बैठक के मिनिट्स को पढ़कर सुनाया जिसे सदन द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। तत्पश्चात पुनर्गठित कार्यकारिणी की घोषणा की गई जिसमें श्री अनिल कुमार पारीक अध्यक्ष, श्री रमेश मोटानी उपाध्यक्ष, श्री प्रवीण जैन तिजारिया महासचिव, श्री राकेश गुप्ता सह-सचिव, श्री नवीन अग्रवाल कोषाध्यक्ष, श्री संजीव गुप्ता एवं श्री शोभित शर्मा विशेष आमंत्री, तथा श्री गणेश गोदारा, श्री विनोद गर्ग, श्री देवेन्द्र सांवरिया एवं श्री अतुल सोगानी को कार्यकारी सदस्य मनोनीत किया गया। इन सभी पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए एवं सभी ने करतल ध्वनि से उनका स्वागत किया। रिको पदाधिकारियों द्वारा क्षेत्र में चल रही ई-नीलामी प्रक्रिया की जानकारी दी गई, पेम्पलेट वितरित किए गए तथा सदस्यों की शंकाओं का समाधान किया गया। महासचिव महोदय ने उद्योग क्षेत्र की वर्तमान समस्याओं जैसे चोरी-छीनाझपटी, सुरक्षा की कमी, सीवरेज एवं सफाई व्यवस्था आदि पर ध्यान आकर्षित किया। सुझाव दिया गया कि सभी फैक्ट्रियों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं तथा हाई मास्क लाइट्स की व्यवस्था रिको द्वारा की जाए। रिको अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था के अधिकृत ठेकेदारों की जानकारी भी साझा की। बैठक में कई नए सदस्य भी जुड़े और कुछ ने सदस्य बनने की इच्छा व्यक्त की। अंत में राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ तथा हाई टी की व्यवस्था रही। यह बैठक सफलतापूर्वक सांय 06:30 बजे समाप्त हुई।

