वृक्षारोपण एवं मासिक बैठक – लघु उद्योग भारती सतना इकाई का पर्यावरणीय एवं संगठनात्मक संकल्प
लघु उद्योग भारती, सतना इकाई द्वारा रविवार को श्री संत धाम पार्क में “स्वच्छ सतना, हरित सतना” के संकल्प के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत 20 से अधिक पौधे रोपे गए, जिनकी देखरेख की जिम्मेदारी पार्षद श्री मनीष टेकवानी जी ने स्वयं ली। आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था श्री मनीष टेकवानी जी एवं श्री मनोज होतवानी (नोजा) जी के संयुक्त प्रयासों से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत सभी सदस्यों द्वारा स्वच्छता की शपथ लेने के साथ हुई, जिससे न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित हुआ, बल्कि शहर को स्वच्छ रखने की सामूहिक भावना भी जागृत हुई। मुख्य अतिथि महंत स्वामी श्री ईश्वरदास उदासीन जी (पीठाधीश, श्री संत धाम आश्रम) ने अपने आशीर्वचन में वृक्षारोपण को पुण्य कार्य बताते हुए सभी को नियमित रूप से प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने की प्रेरणा दी।
विशेष अतिथियों में श्री मणिकांत माहेश्वरी जी (प्रांत अध्यक्ष, संस्कार भारती एवं अध्यक्ष, हिन्दू पर्व समिति), श्री रामाकांत शुक्ला जी (पूर्व नगर निगम अधिकारी एवं समाजसेवी), तथा श्री बसंत आहूजा जी (कोषाध्यक्ष, श्री संत धाम आश्रम) मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती महाकौशल प्रांत के उपाध्यक्ष श्री रामचंद्र अग्रवाल जी ने संगठन की सामाजिक प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया।
सभी अतिथियों ने संगठनात्मक एकता, पर्यावरण चेतना एवं सामाजिक दायित्व के प्रति सदस्यों को प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन लघु उद्योग भारती सतना के अध्यक्ष श्री नितेश बडे़रिया जी के प्रभावशाली वक्तव्य से हुआ, जिसमें उन्होंने संगठन को एक वृक्ष की संज्ञा देते हुए कहा:
“जैसे वृक्ष अपने नीचे आने वालों को फल, छांव और जीवन देते हैं, वैसे ही संगठन अपने सदस्यों को अवसर, संरक्षण और मार्गदर्शन देते हैं।”
कार्यक्रम का संचालन सचिव श्री शोभित अग्रवाल ने किया तथा श्री विनोद गेलानी जी ने अंत में सभी का आभार प्रकट किया। लगभग 50 सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति ने इस आयोजन को एक सफल सामाजिक पहल का रूप प्रदान किया।
संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक और कदम – मासिक बैठक
वृक्षारोपण के उपरांत लघु उद्योग भारती सतना की मासिक बैठक का आयोजन भी किया गया। बैठक की अध्यक्षता श्री नितेश बडे़रिया जी ने की, जिसमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता विस्तार, एवं स्थानीय उद्यमियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों ने उत्साहपूर्वक अपने विचार साझा किए और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। यह बैठक लघु उद्योग भारती सतना की दूरदृष्टि, संवादशीलता एवं समर्पण की स्पष्ट झलक थी।

