अजमेर में एमएसएमई डे पर जागरूकता संगोष्ठी, 100 से अधिक उद्यमियों ने लिया भाग
विश्व एमएसएमई दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 27 जून 2025 को लघु उद्योग भारती – महिला इकाई एवं पालरा औद्योगिक क्षेत्र, अजमेर द्वारा वेगा मॉल, अजमेर में एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 80 से अधिक महिला एवं पुरुष उद्यमियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। संगोष्ठी का उद्देश्य छोटे और मध्यम उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, वित्तीय संसाधनों और निर्यात के अवसरों की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना था।
मुख्य अतिथि श्री गिरीश शर्मा, सहायक निदेशक, एमएसएमई कार्यालय, जयपुर ने पीएमईजीपी, मुद्रा लोन, सीजीटीएमएसई गारंटी योजना तथा नई एमएसएमई नीति की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि इन योजनाओं से जुड़कर उद्यमी अपने व्यवसाय को मजबूती दे सकते हैं। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, जयपुर के श्री नवनीत अग्रवाल ने ट्रेड फेयर के माध्यम से वैश्विक बाजार में पहुंच बनाने की बात कही। वहीं एसबीआई के प्रतिनिधि श्री तरुण कुमार और श्री सीताराम ने मुद्रा लोन, स्टैंड अप इंडिया और अन्य बैंकिंग योजनाओं पर प्रकाश डाला।
भूजल दोहन से संबंधित आवश्यक अनुमति प्रक्रिया (NOC) पर सीजीडब्ल्यूए, जयपुर के क्षेत्रीय निदेशक श्री राठौड़ और श्री अविनाश झालानी ने विस्तृत जानकारी साझा की। Amazon India से कशिश दीवान और सरिता तिवारी ने महिलाओं एवं कारीगरों के लिए Amazon Saheli और Amazon Karigar जैसे प्लेटफ़ॉर्म से जुड़ने की प्रक्रिया और लाभ बताए।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के प्रांत महासचिव श्री प्रवीण गुप्ता ने संगठन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए इसे उद्यमियों के लिए सहयोग, संपर्क और मार्गदर्शन का सशक्त मंच बताया। पल्ला क्षेत्र अध्यक्ष श्री राजेश बंसल ने अपने स्वागत वक्तव्य में एमएसएमई को आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ कहा। महिला इकाई की अध्यक्ष सीए दिव्या सोमानी ने सभी वक्ताओं, सहभागियों और आयोजन से जुड़े सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे आयोजनों से महिला उद्यमियों को नई दिशा, ऊर्जा और आत्मबल प्राप्त होता है।
इस अवसर पर सुश्री मृदुला मित्तल ने अपनी संस्था मित्तल ऑर्गेनिक्स की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम के समापन पर महिला इकाई की सभी सदस्याओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ। संचालन का दायित्व अनिता मोटवानी ने निभाया और कार्यक्रम की अध्यक्षता लघु उद्योग भारती के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा की गई। आयोजन को सफल बनाने में महिला इकाई की सक्रिय सदस्य सुश्री संगीता मदानी के विशेष योगदान के लिए उन्हें वेगा मॉल जैसे सुंदर स्थल उपलब्ध कराने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

