उद्योगों के विस्तार एवं कार्य पद्धति में सुधार हेतु पिपरिया में MSME विभाग द्वारा कार्यशाला का सफल आयोजन
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की मध्य प्रदेश की नोडल एजेंसी लघु उद्योग निगम एवं इंडस्ट्री पार्टनर लघु उद्योग भारती के संयुक्त तत्वावधान में, दिनांक 26 जून 2025 को पिपरिया (नर्मदापुरम) स्थित ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन भवन, न्यू क्लॉथ मार्केट में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य स्थानीय उद्योगों को सशक्त बनाना, उनके कार्य संचालन में गुणवत्ता लाना तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के लिए उन्हें तैयार करना था।
इस अवसर पर जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र की जनरल मैनेजर श्री देवेंद्र सिंह ने बताया कि यह कार्यशाला भारत सरकार की RAMP योजना (Raising and Accelerating MSME Performance) के अंतर्गत आयोजित की जा रही है, जो उद्योगों के कामकाज में सुधार और विस्तार की दिशा में एक राष्ट्रव्यापी पहल है। कार्यशाला में LEAN मैनेजमेंट, ZED सर्टिफिकेशन, MSME नीति, बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) तथा Government eMarketplace (GeM) जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
लघु उद्योग भारती, जो देशभर में उद्योगों के हित में कार्यरत एक अग्रणी संगठन है, के सहयोग से यह आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री ठाकुरदास नागवंशी थे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती नीना नागपाल, ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन अध्यक्ष श्री भगवानदास अग्रवाल, लघु उद्योग भारती पिपरिया अध्यक्ष श्री विजीत भट्टर, सचिव श्री गोपाल मानधन्या, एवं मध्य भारत अंचल उपाध्यक्ष श्री विवेक माहेश्वरी उपस्थित रहे।
श्री विवेक माहेश्वरी ने कहा कि सरकार की इस पहल से निश्चित ही सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता नियंत्रण, प्रक्रियागत दक्षता एवं प्रतिस्पर्धी बाजारों में भागीदारी जैसे अनेक क्षेत्रों में लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ZED प्रमाणन जैसे मानकों को अपनाकर उद्योग अपनी गुणवत्ता और विश्वसनीयता को अगले स्तर तक ले जा सकते हैं।
कार्यक्रम में पिपरिया एवं आसपास के दर्जनों उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे एक मार्गदर्शक एवं लाभकारी पहल बताया। इस तरह की कार्यशालाएं निश्चित रूप से उद्योग क्षेत्र में व्यावसायिक जागरूकता, नीति समझ एवं नवाचार के प्रति सक्रियता को बढ़ावा देंगी।

