बीकानेर में उद्यमी सम्मेलन: "पहले ऑफिस-ऑफिस खेलना पड़ता था, अब घर बैठे हो रहा है काम" — उद्योग राज्य मंत्री श्री के.के. बिश्नोई
बीकानेर, 08 अप्रैल। लघु उद्योग भारती बीकानेर इकाई द्वारा रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिद्धि सिद्धि भवन में आयोजित "उद्यमी सम्मेलन" में उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री श्री के.के. बिश्नोई ने बतौर मुख्य अतिथि उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज सरकार की डिजिटल पहल और नीतिगत सुधारों के चलते उद्यमियों को पहले की तरह ऑफिस-ऑफिस नहीं दौड़ना पड़ता, बल्कि अब अधिकांश काम घर बैठे ही पूरे हो रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे हम अपने मोबाइल को अपग्रेड करते हैं, वैसे ही उद्यमियों को भी अपनी यूनिट समय-समय पर अपडेट करनी चाहिए, जिससे वे प्रतिस्पर्धा में बने रहें।
सम्मेलन में मंत्री श्री बिश्नोई ने बताया कि राज्य सरकार 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने ‘राइजिंग राजस्थान’ जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक 33 लाख करोड़ रुपये के MOU हुए हैं, जिनमें से 3 लाख करोड़ के MOU धरातल पर उतर चुके हैं। हर माह 11 तारीख को इनकी समीक्षा की जाती है।
इस अवसर पर चार महिला उद्यमियों—श्रीमती ललिता डागा, श्रीमती मीना चौधरी, श्रीमती संतोष बाहेती और श्रीमती इंदिरा पेडीवाल को उनकी सराहनीय उद्यमशीलता के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश चंद्र ने भारत के ऐतिहासिक औद्योगिक गौरव का स्मरण कराते हुए कहा कि हमारे देश की जीडीपी में कभी 27% हिस्सा होता था, जिसे हमने मेहनत और आत्मनिर्भर उद्योगों से प्राप्त किया था। आज फिर से जरूरत है सामूहिक प्रयासों की, जिससे हम उद्योग जगत को पुनः वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बना सकें।
कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने बीकानेर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की फूड टेस्टिंग लैब की आवश्यकता पर बल दिया और बताया कि RIICO की NOC अनिवार्यता हटाकर सरकार ने उद्योगों के लिए राहत दी है। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री घनश्याम ओझा ने बताया कि भारत में 6 करोड़ से अधिक सूक्ष्म एवं लघु उद्योग हैं, जो कृषि के बाद सबसे अधिक रोजगार प्रदान करते हैं और 35% GDP में योगदान देते हैं।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष श्री शांतिलाल बालड़, जोधपुर प्रांत अध्यक्ष श्री महावीर चौपड़ा, उपाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पड़िहार, बीकानेर अध्यक्ष श्री हर्ष कंसल, महिला विंग अध्यक्ष श्रीमती राखी चौरड़िया, सचिव श्री प्रकाश नवाल, महामंत्री श्री सुरेश बिश्नोई, और कई वरिष्ठ अधिकारी, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि, सेंट्रल और स्टेट GST के अधिकारी, RIICO, जिला उद्योग केंद्र के प्रमुख, तथा बड़ी संख्या में महिला उद्यमी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्री ज्योति प्रकाश रंगा ने किया और अंत में श्री राजेश गोयल ने आभार प्रदर्शन किया।

