लघु उद्योग भारती, ब्यावर शाखा की नवीन कार्यकारिणी की प्रथम बैठक अध्यक्ष सचिन जी नाहर के रीको स्थित कार्यालय पर संपन्न हुई । बैठक का प्रारंभ संगठन मंत्र के उच्चारण से हुआ । सर्वप्रथम गत सप्ताह हुए पारिवारिक स्नेह मिलन व नवीन सदस्यों के स्वागत समारोह कार्यक्रम की समीक्षा की गई।
तत्पश्चात दिनांक 28 अप्रैल को FINE (फूड इंडस्ट्री न्यू एंटरप्राइजेज) विषय पर होने जा रहे सेमिनार की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई । अध्यक्ष सचिन जी नाहर ने बताया कि उक्त कार्यक्रम ब्यावर की पुण्य धरा पर ऐतिहासिक रूप से संपन्न होने जा रहा है । इस कार्यक्रम से औद्योगिक नगरी ब्यावर में मिनरल उद्योग पर निर्भरता को कम करते हुए फूड इंडस्ट्री का विकास हो और फूड पार्क की ब्यावर में स्थापना हो, इस विस्तृत सोच के साथ इस कार्यक्रम की रचना की गई है।
इस निमित्त कार्यक्रम संयोजकों से अब तक की प्रगति पर जानकारी लेकर कार्य विभाजन और सहयोग की दृष्टि से कार्यक्रम संचालन समिति, रजिस्ट्रेशन समिति, संपर्क समिति, सभागार एवं मंच समिति, जलपान समिति, मीडिया सहित ई-डाईरेक्ट्री समिति एवं उनके प्रभारी व्यक्तियों की घोषणा की ।
सचिव विजय जी मेहता ने बताया कि 28 अप्रैल को दोपहर 3 बजे से वर्द्धमान कॉलेज सभागार, ब्यावर में होने जा रहे उक्त कार्यक्रम के लिए निःशुल्क गूगल रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है । अभी तक 250 से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं और स्थान की सीमितता है । अतः उन्होंने निवेदन किया है कि जो व्यक्ति अथवा उद्यमी फूड इंडस्ट्री लगाने का इच्छुक हो, शीघ्र पंजीयन कराकर अपना स्थान सुनिश्चित करे । नवीन और वर्तमान, दोनों प्रकार के उद्यमियों के लिए निश्चित रूप से ये कार्यक्रम अत्यंत लाभदायक सिद्ध होने वाला है | राष्ट्र गान के बाद बैठक का समापन हुआ ।

