लघु उद्योग भारती गिरवा इकाई द्वारा अमरख जी महादेव मंदिर परिसर, आम्बेरी, उदयपुर में स्नेहमिलन एवं व्यावसायिक परिचय कार्यक्रम उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक श्री अनुराग सक्सेना ने भाग लिया। साथ ही लघु उद्योग भारती के वरिष्ठ पदाधिकारी श्री राकेश वर्दिया, श्रीमती रीना राठौड़, श्री महेन्द्र मंडावत, श्रीमती पिंकी मंडावत, श्री कपिल सुराना, श्री यशवंत मंडावरा तथा उदयपुर मुख्य इकाई के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र सुराना और सचिव श्री शुभम डांगी की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। सभी वरिष्ठजनों ने संगठन की सराहना करते हुए इसे और अधिक सशक्त, संगठित और सक्रिय बनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की शुरुआत संगठन मंत्र से हुई, जिसे पूर्व अध्यक्ष श्री हरिओम पालीवाल ने प्रस्तुत किया। संचालन इकाई सचिव प्रखिल सामर ने किया और वित्तीय व्यवस्थाएं कोषाध्यक्ष श्री गौरव मारू ने संभालीं। इस अवसर पर गिरवा इकाई की नवगठित कार्यकारिणी (2025-27) के सदस्यों – श्री मुकेश माधवानी, श्री कुंवरपाल सिंह, श्री विप्लव मेहता सहित अन्य नवसदस्यों का सम्मान उपरणा ओढ़ाकर किया गया। इकाई अध्यक्ष श्री ओम दवे ने आगामी छह माह की कार्ययोजना प्रस्तुत की, जिसमें ऑनलाइन व्यवसायिक डायरेक्टरी निर्माण और सरकारी विभागों में आने वाली उद्यमियों की समस्याओं का संकलन प्रमुख रहा। सभी सदस्यों ने व्यक्तिगत रूप से अपना व्यावसायिक परिचय दिया, जिससे आपसी संवाद और संभावनाओं का विस्तार हुआ। साथ ही RICCO, उदयपुर द्वारा प्राप्त पौधों का भेंटस्वरूप वितरण किया गया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में प्रकाश हाड़ा, दिपांक भटनागर, ओम पालीवाल, कुणाल कुमावत, ज्ञायक जैन, अमित शाह, उमा प्रताप सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सराहनीय योगदान दिया। लगभग 75 सदस्यों की भागीदारी के साथ यह आयोजन संगठन की एकजुटता, सहभागिता और सेवाभाव का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। कार्यक्रम का समापन प्रसादी के आयोजन के साथ हुआ।

