चंडीगढ़ प्रवास के दौरान लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश चन्द्र जी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि “संपर्क, समन्वय, सहभागिता और निरंतरता से समस्त समस्याओं का समाधान संभव है। यही संगठन की असली सार्थकता है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य किसी एकाधिकार की स्थापना नहीं बल्कि समस्त उद्योगों के साथ सहभागिता और समन्वय करते हुए एक अंब्रेला संगठन के रूप में कार्य करना है, ताकि भारत को समृद्ध, रोजगारपरक और विश्व मंच पर अग्रणी बनाया जा सके। साथ ही उन्होंने भारतीय संस्कृति, पारिवारिक समरसता और आधुनिक तकनीकी उत्कृष्टता के समुचित समन्वय के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर वर्ष 2025–2027 के लिए अवि भसीन जी को लगातार दूसरी बार अध्यक्ष तथा मनीष निगम जी को महासचिव घोषित किया गया, जबकि अन्य पदाधिकारियों का चयन अध्यक्ष को सौंपा गया। महासचिव मुनीश निगम जी ने सत्र 2023–2025 के दौरान हुए कार्यों को समर्पित 34 पृष्ठीय रंगीन विशेष स्मारिका का विमोचन भी अध्यक्ष अवि भसीन जी के सान्निध्य में करवाया। कार्यक्रम में सुनील खेत्रपाल जी ने टीम द्वारा किए गए कार्यों तथा उद्यमियों को आ रही विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान पर चर्चा की। इस अवसर पर अखिल भारतीय उपाध्यक्ष एवं उत्तरी क्षेत्र प्रभारी एडवोकेट अरविंद धूमल जी, उत्तरी क्षेत्र समन्वयक श्री विक्रांत शर्मा जी, पंजाब प्रदेशाध्यक्ष श्री प्रदीप मोंगिया जी, संयुक्त महासचिव अनिल शर्मा जी, संदीप मोंगिया जी, अरुण शर्मा जी, बॉबी गर्ग जी, युद्धवीर कौड़ा जी, अक्षय चुघ जी, संजीव गुप्ता जी समेत अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

