छत्तीसगढ़ प्रांत पुनर्गठन एवं उद्यमी सम्मेलन: सशक्त नेतृत्व के साथ नई दिशा की ओर
दिनांक 26 जुलाई 2025 को लघु उद्योग भारती छत्तीसगढ़ प्रांत द्वारा वार्षिक बैठक के साथ एक भव्य उद्यमी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री माननीय श्री लखनलाल देवांगन एवं वित्त मंत्री माननीय श्री ओम प्रकाश चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश चंद्र जी ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में CSIDC के चेयरमैन श्री राजीव अग्रवाल एवं लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष श्री समीर मुंदड़ा जी मौजूद रहे। प्रदेश भर से लगभग 250 उद्यमियों ने कार्यक्रम में भाग लिया और 22 में से 18 इकाइयों ने अपना कार्य-वृत्त प्रस्तुत किया। श्री प्रकाश चंद्र जी ने उद्यमियों को भारत के वैभवशाली इतिहास की जानकारी देते हुए बताया कि भारत कभी विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था और गांव-गांव आत्मनिर्भर हुआ करते थे। उन्होंने कहा कि देश को फिर से उस गौरव तक पहुँचाना उद्योगपतियों की एकजुटता और प्रयासों से ही संभव है। अंत में श्री समीर मुंदड़ा जी ने छत्तीसगढ़ प्रांत की नई कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें डॉ. श्रीमती सीपी दुबे को प्रदेश अध्यक्ष, श्री दीपक उपाध्याय को उपाध्यक्ष, श्री कैलाश चंद्रवंशी को महामंत्री, श्री अनिल बाकलीवाल को कोषाध्यक्ष तथा श्री जीतेन्द्र चंद्राकर, श्रीमती तूलिका पांडेय एवं श्री प्रांजल ठाकुर को सचिव बनाया गया। यह सम्मेलन संगठन की नई दिशा और सशक्त नेतृत्व की ओर एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

