बीकानेर में लीन योजना पर जागरूकता कार्यक्रम
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (भारत सरकार), MSME-DFO, जयपुर और लघु उद्योग भारती, बीकानेर के सहयोग से 12 नवंबर, 2024 को होटल राजमहल, बीकानेर में लीन योजना (LEAN स्कीम) पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक MSME-DFO, जयपुर, गौरव जोशी ने की। मंच पर लघु उद्योग भारती बीकानेर के अध्यक्ष हर्ष कंसल, सचिव प्रकाश नवहाल, महिला इकाई अध्यक्ष राखी चोरडिया, QCI दिल्ली के सलाहकार यशपाल श्रीवास्तव और MSME-DFO जयपुर के सहायक निदेशक तरुण भटनागर उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य बीकानेर के एमएसएमई उद्यमियों को लीन योजना के प्रति जागरूक करना था, जिससे वे अपनी प्रक्रियाओं, इन्वेंट्री प्रबंधन, ऊर्जा खपत, और स्पेस प्रबंधन में सुधार कर उत्पादकता और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ा सकें। यशपाल श्रीवास्तव ने लीन योजना के लाभों और इसकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी, जबकि तरुण भटनागर ने एमएसएमई मंत्रालय की अन्य योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान कई उद्यमियों ने लीन योजना का लाभ लेने के लिए पंजीकरण भी करवाया।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती बीकानेर के संरक्षक सुभाष मित्तल, उपाध्यक्ष राजेश गोयल, कोषाध्यक्ष राकेश झाझू, खारा इकाई अध्यक्ष रमेश अग्रवाल, महिला इकाई अध्यक्षा राखी चोरडिया और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सचिव प्रकाश नवहाल ने कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों और उद्यमियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम ने लीन योजना की उपयोगिता और MSME उद्यमियों को इसके लाभों से जोड़ने के महत्व को रेखांकित किया।

