भवानी मंडी को दिल्ली-मुंबई एट लेन एक्सप्रेसवे से जुड़ने की उम्मीद जगी
आज दिनांक 23 सितंबर 2024 को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के अधिकारियों ने भवानी मंडी शहर को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए प्रस्तावित सातल खेड़ी एंट्री पॉइंट का निरीक्षण किया।
लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश जी गुप्ता के माध्यम से स्थानीय लघु उद्योग भारती इकाई ने भवानी मंडी को दिल्ली-मुंबई एट लेन एक्सप्रेसवे का एंट्री पॉइंट दिलवाने और वहां से भवानी मंडी तक लिंक रोड बनाने की मांग की थी। इस मांग को लेकर लघु उद्योग भारती के श्री प्रीतपाल सिंह, अध्यक्ष गोविंद बिड़ला, कोषाध्यक्ष सीए प्रकाश गुप्ता और अन्य पदाधिकारियों ने श्री प्रकाश जी गुप्ता के नेतृत्व में सड़क एवं परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात की थी।
आज इस मांग की प्रगति में, NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री संदीप अग्रवाल ने जानकारी दी कि भवानी मंडी को एंट्री पॉइंट देने के स्थान का निरीक्षण करने के लिए एक टीम, जिसमें डिप्टी मैनेजर श्री योगेश बराड़, अभिमन्यु सिंह जी हाड़ा (एनएच हाईवे कोटा) और अखिलेश जी बिरला (हाईवे इंजीनियर, एलएन मालविया इंफ्रा कंस्ट्रक्शन भोपाल) शामिल हैं, सातल खेड़ी पहुंच रही है। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के श्री प्रीतपाल सिंह, कमल सुरेका, गोविंद बिड़ला, और सीए प्रकाश गुप्ता मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से बात कर भवानी मंडी को एंट्री पॉइंट की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से सातल खेड़ी से भवानी मंडी तक एक लिंक रोड बनवाने और इस मार्ग को सुगम बनाने की मांग की।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सातल खेड़ी एंट्री पॉइंट से पचपहार्ड देवरिया मार्ग पर ग्रीन फील्ड हाईवे बनाकर इसे भवानी मंडी से जोड़ा जाएगा, जिससे इस क्षेत्र के उद्योग और व्यापार को बड़ा लाभ मिलेगा। यह कदम भवानी मंडी के आर्थिक और औद्योगिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है।

