दिनांक 26 अप्रैल 2025 को महिला इकाई जयपुर सेंट्रल द्वारा लघु उद्योग भारती के 31वें स्थापना दिवस का आयोजन सहकार मार्ग स्थित सेवा सदन कार्यालय में बड़े उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा नैथानी ने की। कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू सिंह भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने संगठन की स्थापना, उद्देश्यों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता के रूप में महिला समन्वय जयपुर प्रांत की संयोजिका डॉ. सुनीता अग्रवाल ने 'कुटुंब प्रबोधन' विषय पर महिलाओं को संबोधित किया और उन्हें घर, परिवार एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक किया। डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ और मोटिवेशनल स्पीकर श्री आलोक कुमार सैनी ने महिलाओं को डिजिटल मार्केटिंग के महत्व और इसके उपयोग के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही, वॉलमार्ट वृद्धी से कंट्री हेड श्री विपिन जी और जोनल हेड श्री संजीव जी ने ऑनलाइन पोर्टल पर बिक्री के तरीके, आवश्यक दस्तावेजों और फोटो गुणवत्ता के विषय में मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के संदेश के रूप में सभी अतिथियों और सदस्यों को सनातन धर्म के प्रतीक तुलसी का पौधा भेंट किया गया। साथ ही, महिला इकाई की उन सदस्यों को, जो अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं, सम्मानित किया गया और उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। मंच संचालन इकाई सचिव श्रीमती सारिका त्रिपाठी ने प्रभावी ढंग से किया। कार्यक्रम की व्यवस्था में इकाई कोषाध्यक्ष श्रीमती रचिता अगनानी, उपाध्यक्ष श्रीमती रमा अग्रवाल, सचिव श्रीमती रूपाली सक्सेना, सदस्य श्रीमती नेहा प्रधान और श्री धीरज असवानी ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया।
धन्यवाद,
सारिका त्रिपाठी
सचिव
महिला इकाई, जयपुर सेंट्रल

