आयुक्त मेरठ मंडल श्री हरिकेश भास्कर यशोद की अध्यक्षता में आयोजित मंडलीय उद्योग बंधु बैठक में मेरठ संभाग अध्यक्ष श्री राजकुमार शर्मा एवं मेरठ महानगर अध्यक्ष श्री पंकज कुमार जैन ने भाग लिया, जहां उद्यमियों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं को उठाया गया। बैठक में मुख्य रूप से मेरठ में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाने पर चर्चा हुई। संभाग अध्यक्ष श्री राजकुमार शर्मा ने आयुक्त महोदय को कताई मिल और ग्राम इटायरा की भूमि के बारे में जानकारी दी, जिस पर आयुक्त महोदय ने संज्ञान लेते हुए मेडा उपाध्यक्ष श्री अभिषेक पांडे को उक्त भूमि में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, महानगर अध्यक्ष श्री पंकज कुमार जैन ने बांट-माप विभाग द्वारा फैक्ट्रियों में वेंडरों के माध्यम से की जा रही अधिक वसूली का मुद्दा उठाया, जिस पर आयुक्त महोदय ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश जारी किया कि सभी वेंडर्स के पास विभाग द्वारा जारी पहचान पत्र एवं रेट लिस्ट होनी चाहिए, और किसी भी शुल्क का भुगतान केवल बैंक खाते में किया जाए, जिसकी रसीद तुरंत उद्यमी को दी जाए। इसके अलावा, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) को निर्देशित किया गया कि श्रमिकों को त्वरित चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए। बैठक में इन अहम विषयों पर गहन चर्चा हुई और आयुक्त महोदय ने उद्यमियों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

