दिनांक 28 मार्च 2025 को जयपुर, राजस्थान में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि मंडल ने राजस्थान सरकार के माननीय उद्योग मंत्री श्री राज्यवर्धन सिंह राठौर से शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक में प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य को गति देने तथा उद्योग जगत से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के प्रधान सचिव उद्योग श्री अजिताभ शर्मा तथा रीको की प्रबंध निदेशक श्रीमती शिवांगी स्वर्णकार भी उपस्थित रहीं। बैठक के दौरान राजस्थान में उद्योगों के विकास को लेकर जल एवं विद्युत की सस्ती दरों पर आपूर्ति, औद्योगिक भूमि की उपलब्धता जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त, हाल ही में सम्पन्न "राइजिंग राजस्थान" कार्यक्रम के दौरान हुए MOU के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी विचार साझा किए गए। माननीय उद्योग मंत्री श्री राठौर ने प्रतिनिधि मंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उद्योगों की समस्याओं के समाधान हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इस महत्वपूर्ण बैठक में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव श्री नरेश पारीक, प्रदेश अध्यक्ष श्री शांतिलाल बालड़, उपाध्यक्ष श्री नटवरलाल अजमेरा, श्री राजेश गुप्ता, श्री महेंद्र खुराना, जयपुर प्रांत अध्यक्ष श्री सुधीर गर्ग, एवं महामंत्री श्रीमती सुनीता सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। यह बैठक उद्योग जगत के लिए एक सकारात्मक संकेत रही, जिससे राजस्थान में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

