राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल द्वारा लघु उद्योग भारती भवन सभागार में उद्योगों की स्थापना एवं संचालन हेतु विभिन्न श्रेणियों में अनुमति प्राप्त करने के लिए दो दिवसीय विशेष छूट योजना शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य उद्यमियों को प्रदूषण नियंत्रण नियमों और प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना तथा पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उद्योगों के संचालन को सरल बनाना था। मुख्य अतिथि लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री घनश्याम जी ओझा ने उद्यमियों को पर्यावरणीय मानकों की जानकारी देकर उद्योग संचालन को सुगम बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। जोधपुर प्रांत अध्यक्ष श्री महावीर चौपड़ा ने स्वागत करते हुए कहा कि 31 मार्च 2025 तक लागू इस विशेष छूट योजना के अंतर्गत उद्योगों को आवश्यक अनुमति एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त करने में सहूलियत होगी। प्रदूषण नियंत्रण मंडल जोधपुर की क्षेत्रीय अधिकारी सुश्री कामिनी सोनगरा ने बताया कि इस योजना के तहत उद्योगों को प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित प्रक्रियाओं और दस्तावेजों में विशेष छूट दी जा रही है, जिससे उनकी समय और लागत दोनों की बचत होगी। शिविर में प्रदूषण नियंत्रण की नवीनतम तकनीकों एवं नियमों की जानकारी दी गई, और कई उद्यमियों ने अपना पंजीयन कर आवश्यक प्रमाण पत्र प्राप्त किए। संयुक्त महासचिव श्री सुरेश कुमार विश्नोई ने बताया कि 12 मार्च को जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, जोधपुर द्वारा राजस्थान सरकार की उद्योगों से संबंधित विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं पर कार्यशाला का आयोजन भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के प्रांत उपाध्यक्ष श्री दीपक माथुर, प्रांत सचिव श्री पंकज लोढ़ा, बोरानाडा इकाई अध्यक्ष श्री राजेंद्र सालेचा, सांगरिया इकाई अध्यक्ष श्री रवि गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष श्री राजेंद्र राठी, प्रदूषण नियंत्रण मंडल जोधपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी श्री देवेंद्र सिंह, कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी सुश्री मनीषा विश्नोई, श्रीमती ऋणु शर्मा, श्रीमती कविता चारण सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहे। अंत में संयुक्त महासचिव श्री सुरेश कुमार विश्नोई ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं उद्यमियों का आभार व्यक्त किया और शिविर की सफलता पर प्रसन्नता जताई। यह शिविर पर्यावरणीय संतुलन और औद्योगिक विकास के समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

