रामचन्द्रपुरा इकाई में दायित्व हस्तांतरण एवं RIPs सब्सिडी पर इंटरेक्टिव सेमिनार का सफल आयोजन
दिनांक 17 जून 2025, मंगलवार को सांय 04:00 बजे तिजारिया पॉलीपाईप्स लिमिटेड, एसपी1-2316, रामचन्द्रपुरा स्थित कार्यालय में लघु उद्योग भारती रामचन्द्रपुरा इकाई द्वारा एक विशेष इंटरेक्टिव सेमिनार का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य RIPs (राजस्थान इन्वेस्टमेंट प्रमोशन स्कीम) सब्सिडी 2024 से संबंधित जानकारियाँ साझा करना और जयपुर अंचल के नेतृत्व में रामचन्द्रपुरा इकाई की पुनर्गठित कार्यकारिणी को दायित्व सौंपना था।
जयपुर अंचल अध्यक्ष श्री महेन्द्र मिश्रा, महासचिव श्रीमती सुनीता शर्मा, श्री महेंद्र खुराना एवं श्री भूतड़ा की गरिमामयी उपस्थिति में रामचन्द्रपुरा इकाई के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार पारीक, महासचिव श्री प्रवीण जैन तिजारिया, कोषाध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल समेत 11 नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को संगठन बेज लगाकर औपचारिक रूप से दायित्व ग्रहण करवाया गया। सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों ने जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा से निभाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान RIPs सब्सिडी सलाहकार एजेंसी का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। एजेंसी द्वारा उद्यमियों को RIPs 2024 की ऑनलाईन-ऑफलाइन प्रक्रिया, अनुदान, छूट और तकनीकी प्रावधानों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। सेमिनार में उद्यमियों के सवालों के स्पष्ट और समाधानात्मक उत्तर दिए गए। यदि भविष्य में किसी उद्यमी को इस संबंध में मार्गदर्शन की आवश्यकता हो, तो रामचन्द्रपुरा इकाई उनकी सहायता के लिए उपलब्ध रहेगी।
अध्यक्ष श्री अनिल कुमार पारीक ने इकाई द्वारा अब तक किए गए कार्यों और गतिविधियों पर प्रकाश डाला और क्षेत्रीय औद्योगिक समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन श्री महेन्द्र मिश्रा को सौंपा। कोषाध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए संगठन को मजबूती देने की बात कही। आयोजन की व्यवस्था कार्यकारी सदस्य श्री गणेश गोदारा द्वारा कुशलतापूर्वक संभाली गई।
जयपुर अंचल अध्यक्ष श्री महेन्द्र मिश्रा ने लघु उद्योग भारती की प्रदेश स्तरीय गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं के साथ-साथ CSIR से संभावित सहयोग के बारे में जानकारी दी। महासचिव श्रीमती सुनीता शर्मा ने सभी सदस्यों को विषय की बारीकियों से अवगत करवाते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में महासचिव श्री प्रवीण जैन तिजारिया ने उपस्थित उद्यमियों, अतिथियों एवं टीम सदस्यों का धन्यवाद करते हुए सभी को हाई-टी के लिए आमंत्रित किया। राष्ट्रगान के साथ इस ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी सेमिनार का समापन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई उद्यमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
सूचनार्थ प्रेषित है।
अनिल कुमार पारीक, अध्यक्ष
प्रवीण जैन तिजारिया, महासचिव
नवीन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष

