लघु उद्योग भारती रामपुर इकाई का भव्य अधिष्ठापन एवं 31वीं वर्षगांठ समारोह
दिनांक 25 अप्रैल 2025 को ओपल होटल, रामपुर में लघु उद्योग भारती की 31वीं वर्षगांठ के साथ रामपुर इकाई का अधिष्ठापन समारोह अत्यंत भव्यता एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री घनश्याम दास ओझा जी, प्रदेश अध्यक्ष श्री मधुसूदन दादू जी, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री रमन चावला जी, संभाग अध्यक्ष श्री राजकुमार शर्मा जी, मंडल अध्यक्ष श्री अनुपम गुप्ता जी तथा माननीय विधायक श्री आकाश सक्सेना जी सहित विभिन्न मंडलों व जिलों के अध्यक्षों एवं नगर इकाइयों के प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट के मौन के साथ किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन एवं संगठन मंत्र का वाचन कर विधिवत रूप से कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
श्री वीरेंद्र जिंदल (अंबिका प्लाइवुड, बिलासपुर), श्री प्रदीप कुमार भट्टे वाले एवं श्री विपिन गुप्ता मेंथा वाले सहित अन्य उद्यमियों ने व्यापार में आ रही समस्याओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष एवं माननीय विधायक महोदय के समक्ष रखा।
इसके उपरांत जिला अध्यक्ष श्री दीपक गोयल जी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसे पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों व विभागों से समन्वय कर संगठन को मजबूत किया जाएगा। इसी अवसर पर रामपुर महिला इकाई की घोषणा भी की गई।
श्री दीपक गोयल ने सभी आगंतुक अतिथियों एवं सदस्यों का अभिनंदन करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष को 118 नए सदस्यों के चेक भेंट किए। इसके बाद मंडल अध्यक्ष श्री अनुपम गुप्ता एवं संभाग अध्यक्ष श्री राजकुमार शर्मा ने अपने विचार साझा किए।
माननीय विधायक श्री आकाश सक्सेना जी ने अपने संबोधन में व्यापार में आ रही समस्याओं के समाधान हेतु मुख्यमंत्री तक मुद्दा पहुँचाने का आश्वासन दिया। प्रदेश अध्यक्ष श्री मधुसूदन दादू जी ने उत्तर प्रदेश में लघु उद्योग भारती द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी एवं प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डाला।
समारोह का समापन राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री घनश्याम दास ओझा जी के प्रेरणादायक उद्बोधन से हुआ। उन्होंने विश्वास दिलाया कि लघु उद्योग भारती निरंतर एमएसएमई से संबंधित समस्याओं को राज्य व केंद्र सरकारों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहा है और शीघ्र ही सुधार के परिणाम देखने को मिलेंगे।
धन्यवाद ज्ञापन सचिव श्री सुलभ गोयल जी ने प्रस्तुत किया, जिसमें सभी अतिथियों, मंडल अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, और पत्रकार बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। मंच संचालन श्री विपुल गुप्ता जी ने अत्यंत शालीनता एवं दक्षता से किया।
कार्यक्रम में लगभग 150 सदस्य एवं 15 महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में अध्यक्ष श्री दीपक गोयल जी ने अपनी टीम के सचिव शलभ गोयल, कोषाध्यक्ष हरीश गोयल, सरदार हरजिंदर सिंह, सोमेश अग्रवाल, विकास दीक्षित, दीपक जिंदल, हेमंत गर्ग एडवोकेट, राजीव अग्रवाल, सरदार गुरमुख सिंह, सुमित अग्रवाल, अमृत कपूर, अमित अग्रवाल सहित सभी मार्गदर्शकों एवं सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

