रामपुर में महायोजना 2031 पर चर्चा: लघु उद्योग भारती ने रखा नए इंडस्ट्रियल एरिया का प्रस्ताव
आज विकास भवन सभागार में रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) क्षेत्र में नए जोड़े गए 39 राजस्व ग्रामों के लिए महायोजना 2031 तैयार किए जाने के संबंध में विभिन्न विभागों एवं संस्थानों की बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में लघु उद्योग भारती इकाई रामपुर को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।
बैठक में माननीय विधायक श्री आकाश सक्सेना जी, जिलाधिकारी श्री अजय द्विवेदी जी, अपर जिलाधिकारी श्री नितिन मदान जी, उपाध्यक्ष श्री मोहनलाल सैनी जी एवं श्री काशीराम दिवाकर जी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
लघु उद्योग भारती की ओर से जिला उपाध्यक्ष श्री विपुल गुप्ता जी और जिला सचिव श्री शलभ गोयल जी ने उद्योगों से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि रामपुर में नया औद्योगिक क्षेत्र न होने के कारण उद्योगों को औद्योगिक क्षेत्र के बाहर स्थापित करना पड़ता है। यदि RDA के नए प्रावधान लागू होते हैं और क्षेत्र का विस्तार होता है, तो अधिकांश उद्योग RDA की परिधि में आ जाएंगे, जिससे उन पर नए नियम एवं कानून लागू होंगे और उद्योगों की उत्पादन क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
इस संदर्भ में लघु उद्योग भारती ने सुझाव दिया कि “सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल ज़ोन” के अंतर्गत प्रत्येक जिले में न्यूनतम 50 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जाने वाले औद्योगिक क्षेत्रों की तर्ज पर रामपुर में भी एक नया इंडस्ट्रियल एरिया विकसित किया जाए। इससे न केवल उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर और राजस्व सृजन भी बढ़ेगा।
लघु उद्योग भारती, इकाई रामपुर

