रीको रानपुर में “हरियालो राजस्थान” अभियान के अंतर्गत 310 पौधों का रोपण: औद्योगिक क्षेत्र को हरित और स्वच्छ बनाने की दिशा में अहम कदम
कोटा के रीको रानपुर औद्योगिक क्षेत्र में 28 जुलाई को “हरियालो राजस्थान” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 310 पौधे लगाए गए। यह आयोजन लघु उद्योग भारती रानपुर इकाई और रीको कोटा के संयुक्त प्रयास से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र को हरा-भरा, स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाना था।
इस अवसर पर रीको के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एम.के. शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में हरियाली का बढ़ना न केवल वायुमंडलीय संतुलन बनाए रखने में सहायक है, बल्कि यह कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए भी एक स्वस्थ वातावरण प्रदान करता है। रीको क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव सक्सेना ने बताया कि रानपुर क्षेत्र में कुल 700 पौधे लगाने का लक्ष्य है, जिनमें प्रथम चरण में 400 पौधों के रोपण के बाद अब दूसरे चरण में 310 पौधे लगाए गए हैं।
लघु उद्योग भारती रानपुर इकाई के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने जानकारी दी कि इस अभियान के अंतर्गत शीशम, गुलमोहर, अमरूद, जामुन, पीपल, अशोक आदि जैसे फलदार और छायादार पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि रानपुर सिसी रोड के किनारे विशेष रूप से 70 पौधे लगाए गए हैं, जो आने वाले वर्षों में छाया और सौंदर्य दोनों प्रदान करेंगे।
इस पौधरोपण कार्यक्रम में रीको क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव सक्सेना, लघु उद्योग भारती रानपुर इकाई के संरक्षक राज कुमार जैन, सचिव नभ शर्मा, कोषाध्यक्ष पुरण गुप्ता, उपाध्यक्ष विकास मोहता सहित कई उद्यमियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर अभियान को सफल बनाया। यह पहल न केवल पर्यावरण के प्रति जागरूकता को दर्शाती है, बल्कि औद्योगिक क्षेत्रों में सामूहिक जिम्मेदारी की मिसाल भी पेश करती है।

