रेल राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह से भेंट कर बालोतरा-बाड़मेर क्षेत्र की रेल सेवाओं में विस्तार की रखी मांग
आज भारत सरकार के रेल राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह बिट्टू से नई दिल्ली में एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर पश्चिमी राजस्थान के बालोतरा एवं बाड़मेर क्षेत्र के रेल संपर्क एवं सुविधाओं के विस्तार के संबंध में कई महत्वपूर्ण मांगें प्रस्तुत कीं।
प्रतिनिधिमंडल ने बालोतरा से बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई और अहमदाबाद जैसे महानगरों के लिए नई रेल सेवाओं के संचालन की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि यह क्षेत्र औद्योगिक, सामरिक व व्यापारिक दृष्टि से तेजी से विकसित हो रहा है, ऐसे में इन महानगरों से सीधा रेल संपर्क अत्यंत आवश्यक है।
इसके अतिरिक्त, बालोतरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, वॉशिंग सेंटर की स्थापना एवं तकनीकी सुधार की मांग भी की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बाड़मेर–यशवंतपुर एक्सप्रेस के साप्ताहिक फेरों को बढ़ाकर दैनिक या अधिक बार चलाने की मांग की, ताकि दक्षिण भारत से इस क्षेत्र का आवागमन सुलभ हो सके। साथ ही यशवंतपुर एक्सप्रेस का पारलू स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की भी बात रखी गई।
एक महत्वपूर्ण सुझाव के रूप में, आगामी रिफाइनरी परियोजना को बालोतरा रेलवे स्टेशन से रेलमार्ग द्वारा जोड़ने की मांग की गई, जिससे बालोतरा को पुनः जंक्शन स्टेशन के रूप में विकसित किया जा सके। यह क्षेत्र के भविष्य के औद्योगिक और लॉजिस्टिक विकास के लिए आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल ने श्री रवनीत सिंह जी को राजस्थान से राज्यसभा सांसद होने के नाते बालोतरा एवं बाड़मेर जिले के निकट भविष्य में दौरे का निमंत्रण भी दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया और पश्चिमी राजस्थान की यात्रा करने का आश्वासन दिया।
यह मुलाकात बालोतरा-बाड़मेर क्षेत्र की रेल सुविधाओं को उन्नत करने की दिशा में एक सार्थक और आशाजनक पहल रही।

