रेल विकास निगम लिमिटेड की टीम द्वारा लघु उद्योग भारती कौशल विकास केंद्र का इंपैक्ट असेसमेंट
रेल विकास निगम लिमिटेड की एक विशेष टीम ने लघु उद्योग भारती कौशल विकास केंद्र का इंपैक्ट असेसमेंट किया। इस टीम में रेल विकास निगम के सी.एस.आर. प्रमुख अनिल महंतो (दिल्ली), सेंटर फॉर रिस्पॉन्सिबल बिज़नेस (CRB) के प्रबंधक रोहन (देहली), उनकी सदस्या दिया कुमारी (मुंबई), एवं सदस्या तोहीबा (श्रीनगर) शामिल थे। इस विस्तृत आकलन के लिए टीम ने सुबह 11:00 बजे से लेकर शाम 7:00 बजे तक केंद्र में समय व्यतीत किया और लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों, सदस्यों, प्रशिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद किया।
असेसमेंट और केंद्र की गतिविधियों की प्रस्तुति
लघु उद्योग भारती के उपाध्यक्ष महेंद्र खुराना ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से कौशल विकास केंद्र में चल रही विभिन्न गतिविधियों, मौजूदा पाठ्यक्रमों एवं भविष्य में प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी टीम को प्रदान की। साथ ही, रेल विकास निगम द्वारा दिए गए सीएसआर फंड के उपयोग के बारे में भी जानकारी साझा की गई। टीम को अवगत कराया गया कि निगम द्वारा दिए गए धन से लगभग 20% अधिक राशि कौशल विकास केंद्र द्वारा अपनी सुविधाओं और निर्माण कार्यों को पूर्ण करने में खर्च की गई है, तथा इस पूर्ति हेतु निगम को भविष्य में अतिरिक्त सहायता प्रदान करनी चाहिए। इस पर असेसमेंट टीम ने इसे अपनी रिपोर्ट में शामिल करने का आश्वासन दिया।
परिसर का अवलोकन एवं सराहना
टीम ने पूरे परिसर का अवलोकन किया और इसकी अद्भुत संरचना एवं प्रबंधन की सराहना की। CBR (Centre for Responsible Business) एक थर्ड-पार्टी असेसमेंट एजेंसी है, जो कई कॉरपोरेट संगठनों के साथ अनुबंधित होती है और विभिन्न परियोजनाओं का मूल्यांकन करती है। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती टीम ने अन्य कंपनियों और उनके सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
प्रशिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद
असेसमेंट टीम ने कौशल विकास केंद्र के प्रशिक्षकों एवं विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया, विशेष रूप से महिला सदस्यों से चर्चा कर उनके अनुभव और प्रशिक्षण के प्रभाव को समझने का प्रयास किया। टीम के सभी सदस्यों ने अपनी राय व्यक्त की और केंद्र की गतिविधियों की सराहना की।
टीम का स्वागत एवं स्मृति चिन्ह भेंट
कौशल केंद्र में लघु उद्योग भारती जगतपुरा इकाई की अध्यक्ष श्रीमती वैशाली वशिष्ठ, सचिव श्रीमती रवीना, सांगानेर इकाई की सचिव सुश्री पिंकी महेश्वरी द्वारा टीम का आत्मीय स्वागत किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री नटवरलाल अजमेरा एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अरुण जाजोदिया द्वारा रेल विकास निगम की टीम को लघु उद्योग भारती की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
संभावनाओं और आगे की रणनीति
इस मूल्यांकन के माध्यम से लघु उद्योग भारती कौशल विकास केंद्र की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और भविष्य की आवश्यकताओं का गहन विश्लेषण किया गया। असेसमेंट टीम द्वारा इस केंद्र को सफल एवं प्रभावी प्रशिक्षण संस्थान के रूप में मान्यता दी गई, जिससे भविष्य में अन्य संगठनों और सरकारी एजेंसियों से अधिक सहयोग मिलने की संभावना बनेगी।

