उदयपुर। 13 फरवरी 2026 को लघु उद्योग भारती की अहिल्याबाई होलकर इकाई द्वारा उद्यमिता को बढ़ावा देने, स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक भव्य एवं प्रभावी उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय उद्यमियों, युवाओं, महिलाओं एवं स्वरोजगार प्रारंभ करने के इच्छुक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष श्रीमती ऋषिका पानेरी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में श्री शैलेंद्र जी शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में श्री सिद्धार्थ जी महाजन (Assistant General Manager एवं MSME Head), श्री मोहित जी देशपांडे (बैंक ऑफ बड़ौदा) तथा श्री कृष्णा जी पारिख (MSME विभाग, जयपुर) शामिल रहे। सभी अतिथियों का पारंपरिक स्वागत कर संगठन मंत्र के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
अध्यक्ष श्रीमती ऋषिका पानेरी ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में स्वरोजगार ही सशक्त भारत की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं एवं महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना तथा MSME पॉलिसी की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के प्रोत्साहन हेतु विभिन्न योजनाएँ संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। योजनाओं के अंतर्गत अनुदान, ब्याज सब्सिडी, मार्जिन मनी सहायता, प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग जैसी सुविधाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
उद्योग स्थापना की संपूर्ण प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया गया। बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रतिनिधियों ने MSME ऋण योजनाओं, आवश्यक दस्तावेजों, ऋण स्वीकृति प्रक्रिया, ब्याज दरों एवं पुनर्भुगतान की शर्तों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान किया।
मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। डिजिटल प्रक्रियाओं की सरलता, पारदर्शी नीतियों एवं सहज ऋण व्यवस्था के कारण अब उद्योग स्थापित करना पहले की तुलना में अधिक सुलभ हो गया है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से उपलब्ध योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में इकाई सचिव श्रीमती निवेदिता द्विवेदी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों एवं लघु उद्योग भारती के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की सफलता में सीमा जी, वंदना जी, मीनू जी, वत्सना जी, विनीता जी एवं निधि जी का विशेष योगदान रहा।
सदस्यों के सक्रिय सहयोग एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन के कारण यह कार्यक्रम अत्यंत सफल, प्रेरणादायी एवं प्रभावशाली रहा। यह आयोजन निश्चित रूप से क्षेत्र में उद्यमिता को नई दिशा प्रदान करते हुए औद्योगिक विकास को गति देगा।

