लघु उद्योग भारती उदयपुर महानगर इकाई द्वारा स्टोन मार्ट कार्यक्रम की समीक्षा बैठक सम्पन्न
उदयपुर, 14 अगस्त 2025 (गुरुवार) — लघु उद्योग भारती उदयपुर महानगर इकाई की स्टोन मार्ट कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आज मार्बल भवन, सुखेर में प्रदेश अध्यक्ष श्री योगेन्द्र जी भाई साहब के सानिध्य में सम्पन्न हुई।
बैठक की शुरुआत संगठन मंत्र से हुई। तत्पश्चात श्री योगेन्द्र जी भाई साहब ने स्टोन मार्ट में संपन्न कार्यक्रम के संदर्भ में उपस्थित सभी सदस्यों से उनके अनुभव साझा करने का आग्रह किया।
सदस्यों ने अपने विचार रखते हुए कहा कि यह आयोजन सुव्यवस्थित, सुनियोजित एवं समयबद्ध रहा, जिससे प्रतिभागियों और आगंतुकों को एक उत्कृष्ट अनुभव प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम संयोजक श्री कपिल सुराणा एवं सह संयोजक श्री मुकेश सिन्हा ने बैठक में सक्रिय भागीदारी निभाई। श्री कपिल सुराणा ने स्टोन मार्ट कार्यक्रम का विस्तृत आय-व्यय विवरण भी प्रस्तुत किया।
बैठक में सदस्यता वृद्धि अभियान पर भी चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार, अब तक लघु उद्योग भारती उदयपुर महानगर में 125 नए सदस्य जुड़े हैं। आगामी 5 दिनों में इस अभियान को और गति देते हुए अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया।
अंत में, प्रदेश अध्यक्ष श्री योगेन्द्र जी भाई साहब ने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं इकाइयों को स्टोन मार्ट कार्यक्रम की सफलता के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने यह भी बताया कि माह के अंत तक मुख्यमंत्री जी से विशेष बैठक आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश की सभी इकाइयों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं के समाधान पर चर्चा होगी।
इस अवसर पर महानगर इकाई अध्यक्ष श्री राजेन्द्र सुराणा, महानगर सचिव श्री शुभम डाँगी, दोनों महिला इकाइयों के पदाधिकारी तथा सभी इकाइयों के अध्यक्ष, सचिव एवं मुख्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ किया गया।

