लघु उद्योग भारती, पाली
स्वरोजगार को प्रोत्साहन – मिट्टी के कुल्हड़ बनाने की स्वचालित मशीन का वितरण
लघु उद्योग भारती एवं रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को बापूनगर स्थित रोटरी भवन में स्वरोजगार एवं आयवर्धन को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मिट्टी के बर्तन (कुल्हड़) बनाने की स्वचालित मशीन का वितरण किया गया और स्वरोजगार से जुड़ी आय प्रकल्पों की जानकारी साझा की गई।
लघु उद्योग भारती के प्रांत महामंत्री विनय बंब ने बताया कि स्वावलंबन भारत अभियान के तहत लघु उद्योग भारती देशभर में स्वरोजगार के क्षेत्र में विविध प्रयास कर रही है। इसी श्रृंखला में रोटरी क्लब के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मिट्टी के कूल्हड़ बनाने वाली मशीनें वितरित की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आदरणीय श्री प्रकाश चंद्र जी गुप्ता एवं पूर्व विधायक श्री ज्ञानचंद जी पारख उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री ज्ञानचंद पारख ने कहा कि यह मशीन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। इससे पारंपरिक कुल्हड़ों का निर्माण कम लागत में संभव होगा, जिससे स्वावलंबन के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी होगा।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री योगेंद्र शर्मा, रोटरी क्लब के श्री राजकुमार मेड़तिया, तारा प्रकाश खंडेलवाल, राजेंद्र सुराणा, सेवा समिति अध्यक्ष श्री प्रमोद जेठलिया, कमल किशोर गोयल, शिवराज बोहरा, अनिल समदड़िया, फतेहराज पटावरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य सदस्य एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मशीन उपलब्ध करवाने में सहयोग देने वाले राजकुमार मेड़तिया का विशेष रूप से स्वागत और सम्मान किया गया।
यह आयोजन स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और स्वदेशी उत्पादों के निर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणास्पद प्रयास रहा।

