लघु उद्योग भारती – भोपाल आईटीआई के बीच एमओयू, कौशल विकास को मिलेगा नया आयाम
लघु उद्योग भारती द्वारा उद्योग–संस्थान सहयोग को सशक्त बनाने तथा आईटीआई के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 10 मार्च को भोपाल आईटीआई के साथ एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर एवं आदान-प्रदान कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस पहल का प्रमुख उद्देश्य आईटीआई के विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता को बढ़ाना, उद्योगों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण को विकसित करना, तथा MSME क्षेत्र और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
कार्यक्रम में कौशल विकास विभाग के संचालक श्री बसंत कुर्रे (IAS) तथा अपर संचालक श्री बी. एस. ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए उद्योग और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को कौशल विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर भोपाल आईटीआई के प्राचार्य श्री विवेक सिंह तथा सुश्री सपना तिवारी भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त आईएमसी (IMC) के सदस्य श्रीमती उमा शर्मा, श्री अरविन्द मनोहर काले एवं श्री संजय व्यास ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
लघु उद्योग भारती की ओर से भोपाल इकाई के सचिव श्री नीरज शर्मा, श्री इंदरजीत सिंह जसपाल तथा प्रदेश आईटीआई समन्वयक श्री नितिन कामरिषि ने कार्यक्रम में भाग लेते हुए एमओयू प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
यह पहल उद्योग और आईटीआई के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने, प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता को सुदृढ़ करने तथा आईटीआई व्यवस्था को अधिक प्रभावी और उद्योगोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

