लघु उद्योग भारती कानपुर इकाई का बुंदेलखंड प्रवास, बांदा में हुई संगठन विस्तार की महत्वपूर्ण बैठक
लघु उद्योग भारती कानपुर के प्रतिनिधिमंडल ने बुंदेलखंड क्षेत्र में संगठन विस्तार अभियान के तहत बांदा में प्रवास किया। इस अभियान को गति देते हुए होटल तुलसी स्वरूप, बांदा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में वरिष्ठ सदस्य लाडली प्रसाद गुप्ता जी ने लघु उद्योग भारती की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि लघु उद्योग भारती देशभर में लघु उद्योगों के विकास और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संगठन का उद्देश्य उद्यमियों को सशक्त बनाना और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करना है।
इस अवसर पर श्री सुरेश कान्हा जी को बांदा जिला संयोजक नियुक्त किया गया। साथ ही, उन्हें शीघ्र ही बांदा इकाई का गठन करने का दायित्व सौंपा गया। बैठक में सभी उपस्थित सदस्यों ने संगठन विस्तार को लेकर उत्साह और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री हरेंद्र मूर्जनी, कानपुर संभाग अध्यक्ष श्री अमन धई, कानपुर जिला अध्यक्ष श्री संदीप अरोड़ा, कानपुर महिला बैंक संयोजक श्रीमती सुभाषिनी खन्ना, बांदा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार शिवहरे, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष श्री अमित सेट 'भोलू', मनोज जैन, रोहित जैन, संजय ओमर सहित अन्य गणमान्य उद्यमी और व्यापारी उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर सभी ने मिलकर बुंदेलखंड क्षेत्र में संगठन के विस्तार और स्थानीय उद्योगों के सशक्तिकरण का संकल्प लिया।

