लघु उद्योग भारती चित्तौड़ प्रांत द्वारा आगामी 8 जून 2025 को राजसमंद इकाई के आतिथ्य में प्रांत की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। यह बैठक मार्बल एसोसिएशन भवन, राजसमंद के औद्योगिक क्षेत्र में संपन्न होगी, जिसमें अखिल भारतीय संगठन मंत्री जी की उपस्थिति से इस आयोजन का विशेष महत्व बढ़ जाएगा। हाल ही में प्रांत की प्रत्येक इकाई में दायित्वों का पुनःवितरण हुआ है, जिसके चलते सभी सदस्य नयी ऊर्जा और उत्साह के साथ संगठन के लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु प्रतिबद्ध हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर, लघु उद्योग भारती ने एक लाख नए सदस्यों के जुड़ने का महत्त्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में चित्तौड़ प्रांत ने आगामी सत्र में 3000 नए सदस्यों को जोड़ने का संकल्प लिया है, जो सभी इकाइयों के संयुक्त प्रयासों से ही संभव हो पाएगा। इस बैठक में सभी इकाई अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्षों से आग्रह किया गया है कि वे कम से कम दस- दस नए सदस्यों के सदस्यता शुल्क और फॉर्म लेकर आएं ताकि सदस्यता अभियान को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा सके।
यह सदस्यता अभियान न केवल संगठन की मजबूती का प्रमाण होगा, बल्कि हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता और सेवा भाव को भी दर्शाएगा। इस प्रकार यह आयोजन लघु उद्योग भारती के विकास और विस्तार के लिए एक निर्णायक एवं उत्साहवर्धक कदम सिद्ध होगा।

