लघु उद्योग भारती चौपानकी इकाई का होली मिलन समारोह उत्साहपूर्वक सम्पन्न
हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी लघु उद्योग भारती चौपानकी इकाई द्वारा होली मिलन समारोह बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांत सचिव श्री एल.एन. गुप्ता द्वारा ध्येय गीत के साथ किया गया, जिससे पूरे वातावरण में संगठनात्मक ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
इसके पश्चात इकाई अध्यक्ष श्री विमल पंडित ने उद्योगों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करते हुए उपस्थित उद्योगपतियों से समाधान हेतु सुझाव आमंत्रित किए। विशेष रूप से छोटे एवं मध्यम उद्योगों को सरकारी हस्तक्षेप के कारण आ रही समस्याओं पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। इकाई संरक्षक श्री मुकेश शर्मा ने अधिक से अधिक उद्योगपतियों को संगठन से जोड़ने पर बल देते हुए सदस्यता विस्तार अभियान को शीघ्र गति देने का आह्वान किया।
बैठक में सचिव श्री नवीन सिंह एवं सदस्य श्री अरुण शर्मा ने उपस्थित उद्योगपतियों को विभिन्न सरकारी प्रक्रियाओं एवं समय-समय पर प्राप्त होने वाले नोटिसों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। साथ ही सभी उद्योगपतियों से अनुरोध किया गया कि वे अपनी इकाइयों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण एवं प्रदूषण नियंत्रण यंत्र अनिवार्य रूप से स्थापित करें, जिससे बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके और उद्योगों का संचालन निर्बाध रूप से जारी रह सके।
कार्यक्रम का समापन सभी उद्योगपतियों द्वारा एक-दूसरे को रंग लगाकर तथा राष्ट्रगान के साथ किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से एल.एन. गुप्ता, मुकेश शर्मा, विमल पंडित, नवीन सिंह, सुरेंद्र चढ़ा, अनुप केडिया, रजनीश त्यागी, विरल महिपाल गर्ग, नरेश कुमार, अशोक गुप्ता, वरुण शर्मा, संजय बाबू, आर.के. शर्मा, शांतनु शर्मा, कुणाल जी, नवीन कपूर, अरुण शर्मा, अश्विनी शर्मा, सुनील कुमार, प्रवीण गर्ग, संजय जी, रामनिवास यादव, राजेश गुप्ता, नितिश पंजरी सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
धन्यवाद।

