दिनांक 27 मार्च 2025 को सेवा सदन, जयपुर में लघु उद्योग भारती महिला इकाई – जयपुर सेंट्रल की मासिक बैठक के अंतर्गत होली स्नेह मिलन एवं सिंजारे का आयोजन हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर की अध्यक्षता इकाई की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा नैथानी जी ने की। कार्यक्रम की गरिमा और प्रभाव को बढ़ाने हेतु प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू सिंह जी तथा प्रांत महामंत्री श्रीमती सुनीता शर्मा जी की विशेष उपस्थिति रही। इकाई सचिव सारिका त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष श्रीमती रचिता अगनानी, एवं सहसचिव रूपाली सक्सेना जी ने अपनी सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम को सुंदर रूप प्रदान किया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता वास्तु एवं अंक ज्योतिष विशेषज्ञ श्रीमती अलका आशीष सिंघी जी रहीं, जिन्होंने पंचतत्व और वास्तु शास्त्र की आठ दिशाओं से संबंधित उपयोगी जानकारी साझा की। उन्होंने यह भी बताया कि अंक ज्योतिष और वास्तु विज्ञान का व्यवसायिक उन्नति और सकारात्मक ऊर्जा निर्माण में कैसे उपयोग किया जा सकता है, जिससे उपस्थित उद्यमी महिलाएं अत्यंत लाभान्वित हुईं।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती स्थापना दिवस (अप्रैल 2025) के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें तीन दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई तथा सभी सदस्यों को अधिक से अधिक सदस्यता विस्तार हेतु प्रेरित किया गया।
सामूहिक रूप से महिलाओं ने पारंपरिक उल्लास के साथ सिंजारा उत्सव मनाया, जिसमें मेहंदी और घेवर का विशेष आनंद लिया गया। इस उत्सवी माहौल में सदस्या श्रीमती अर्चना जी द्वारा प्रस्तुत भजन ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की। आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी सदस्यों ने मिलकर सहयोग किया।
अंत में, इकाई सचिव सारिका त्रिपाठी जी ने सभी को आयोजन की सफलता में योगदान देने के लिए सादर धन्यवाद ज्ञापित किया।

