लघु उद्योग भारती, जामनगर की गोडाउन ज़ोन इकाई की बैठक सम्पन्न
लघु उद्योग भारती, जामनगर की गोडाउन ज़ोन इकाई में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बैठक का उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा नए उद्यमियों को लघु उद्योग भारती से जोड़ने के लिए रणनीति पर चर्चा करना रहा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जयेशभाई संघाणी ने उपस्थित अतिथियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने औद्योगिक क्षेत्रों में अधिक से अधिक नए उद्यमियों को संगठन से जोड़ने का प्रयास करें, ताकि संगठन की ताकत और प्रभावशीलता बढ़ सके।
गुजरात प्रदेश अध्यक्ष ईश्वरभाई पटेल ने बैठक के दौरान सदस्यों की समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती उद्यमियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है।
राजकोट विभाग अध्यक्ष महेंद्रभाई तलपदा ने अपने संबोधन में बताया कि लघु उद्योग भारती के सदस्य आज भारत सरकार की विभिन्न समितियों और एजेंसियों में सक्रिय रूप से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इससे उद्यमियों की आवाज़ नीति-निर्माण तक पहुँच रही है और उद्योगों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा रहा है।
सौराष्ट्र प्रांत अध्यक्ष दिनेशभाई डांगरिया ने संगठन की एकजुटता और सामूहिक शक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “कलियुग में संगठन ही सबसे बड़ी शक्ति है।” उन्होंने सभी सदस्यों से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में जिला मंत्री रवींद्रभाई मारकणा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

