लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रांत कार्यकारिणी बैठक का आयोजन अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री घनश्याम जी ओझा एवं जोधपुर प्रांत अध्यक्ष श्री महावीर जी चौपड़ा के सानिध्य में भवन सभागार में संपन्न हुआ। बैठक की शुरुआत संगठन मंत्र के सामूहिक गायन से हुई, जिसमें कार्यकारिणी सदस्य एवं विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में जोधपुर प्रांत अध्यक्ष श्री महावीर जी चौपड़ा ने संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता विस्तार, इकाई सशक्तिकरण एवं उद्योगों के सामने आ रही चुनौतियों और उनके समाधान के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी साझा की। अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री घनश्याम ओझा ने संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं और केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा उद्योगों के लिए चलाई जा रही सकारात्मक नीतियों की जानकारी दी। बैठक में पीएम विश्वकर्मा योजना पर आयोजित कार्यशाला, राज्य बजट में भेजे गए सुझाव, वृक्षारोपण कार्यक्रम, रीको द्वारा आयोजित शिविर, जोधपुर कौशल विकास केंद्र, ईएसआईसी शिविर, मिलेट्स (श्री अन्न) के प्रचार-प्रसार एवं 11-12 मार्च 2025 को आयोजित होने वाले राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के शिविर सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। जोधपुर की विभिन्न इकाइयों ने अपने अनुभव साझा किए और पर्यावरण, रीको संबंधित औद्योगिक चुनौतियों पर चर्चा की, जिसके समाधान हेतु राज्य व केंद्र सरकार को पत्राचार करने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्रदेश संयुक्त महामंत्री श्रीमती मंजू सारस्वत, मंडोर इकाई अध्यक्ष श्री पूनमचंद तंवर, बोरानाडा इकाई अध्यक्ष श्री राजेंद्र सालेचा, सचिव श्री थानाराम चौधरी, कार्यकारिणी सदस्य श्री बाबूलाल शाह, श्री राजेंद्र राठी, श्री मनीष माहेश्वरी, श्री हरीश लोहिया, श्री एच के गर्ग, श्री अशोक कुमार गहलोत सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन शांतिपाठ के साथ हुआ, जिसमें संगठन की एकजुटता और MSME उद्योगों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

