लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रांत के प्रतिनिधिमंडल ने आज प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अनिल अग्रवाल एवं प्रांत अध्यक्ष श्री महावीर चौपड़ा के सानिध्य में जोधपुर पधारे महाराष्ट्र सरकार के कौशल विकास, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री श्री मंगलप्रभात जी लोढ़ा से शिष्टाचार भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान प्रांत अध्यक्ष श्री महावीर चौपड़ा ने माननीय मंत्री महोदय को राजस्थान की औद्योगिक नीतियों, योजनाओं और जोधपुर प्रांत द्वारा संचालित कौशल विकास केंद्रों की जानकारी दी। विशेष रूप से, जोधपुर में आयोजित होने वाले "पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव" की सफलता का उल्लेख करते हुए महाराष्ट्र में भी इसी तर्ज पर औद्योगिक मेले के आयोजन पर विस्तार से चर्चा की गई। श्री चौपड़ा ने बताया कि यह मेला स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्पियों को एक मंच प्रदान करता है, जहां वे अपने उत्पाद सीधे बड़े खरीदारों तक पहुंचा पाते हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री मंगलप्रभात जी लोढ़ा ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव की सफलता ने उन्हें भी प्रेरित किया है और वे महाराष्ट्र में ऐसा ही मेला आयोजित करना चाहते हैं, ताकि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के कारीगरों और शिल्पकारों को एक सशक्त मंच मिल सके। इससे पारंपरिक हस्तशिल्पों को न केवल पहचान मिलेगी, बल्कि उनके विपणन और बिक्री के नए रास्ते भी खुलेंगे, जो स्थानीय उद्योगों और सांस्कृतिक विरासत दोनों को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, उन्होंने भविष्य में महाराष्ट्र में प्रस्तावित इस मेले के आयोजन में लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रांत के सदस्यों को विशेष रूप से आमंत्रित किया। प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अनिल अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा मेला न केवल आर्थिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि विविध सांस्कृतिक धरोहरों को एक मंच पर लाने का शानदार अवसर भी बनेगा। इस बैठक में प्रांत सचिव श्री पंकज लोढ़ा, बोरानाडा इकाई अध्यक्ष श्री राजेंद्र सालेचा, मंडोर इकाई अध्यक्ष श्री पूनमचंद तंवर, सचिव श्री दिनेश सोनी, कार्यकारिणी सदस्य श्री दीनदयाल बाहेती सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

