लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रान्त द्वारा 79वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह भवन-प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री घनश्याम ओझा, प्रान्त प्रचारक श्री विजयानन्द जी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अनिल अग्रवाल, प्रान्त उपाध्यक्ष श्री दीपक माथुर, श्री हरीश लोहिया एवं प्रान्त महासचिव श्री सुरेश कुमार विश्नोई द्वारा ध्वजारोहण किया गया और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए राष्ट्रगान गाया गया। अपने उद्बोधन में श्री घनश्याम ओझा ने देश के विकास में लघु उद्योगों की महत्त्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए स्वतंत्रता दिवस को सेवा कार्यों के साथ मनाने का आह्वान किया। श्री अनिल अग्रवाल ने कृषि के बाद लघु उद्योगों को अर्थव्यवस्था की मजबूती का प्रमुख आधार बताया, वहीं श्री दीपक माथुर एवं श्री हरीश लोहिया ने राष्ट्रीय पर्वों को श्रद्धा और समर्पण के साथ मनाने पर बल दिया। समारोह में जोधपुर प्रान्त के कौशल विकास केन्द्र के प्रशिक्षार्थियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी को भावविभोर किया तथा प्रशिक्षार्थियों को शैक्षिक पाठ्यक्रम किट वितरित की गईं। लगभग 250 प्रशिक्षार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर कार्यकारिणी एवं विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। अंत में प्रान्त महासचिव श्री सुरेश कुमार विश्नोई ने सभी अतिथियों, सदस्यों और प्रशिक्षार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा अल्पाहार की व्यवस्था की गई।

