लघु उद्योग भारती झुंझुनू शाखा ने 25 अप्रैल 2025 को संगठन का 32वाँ स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया। कार्यक्रम का आयोजन झुंझुनू रिको स्थित निवास पर किया गया, जिसकी शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर संगठन के पूर्व अध्यक्ष नेमी अग्रवाल, वर्तमान अध्यक्ष रोहिताश्व बंसल, सचिव सुरेंद्र केड़िया, पवन शर्मा देरवालावाला, डॉ. डी.एन. तुलस्यान, सुरेंद्र केजड़ीवाल, शुभम बंसल और सुनील गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष नेमी अग्रवाल का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
वरिष्ठ सदस्य नेमी अग्रवाल ने अपने संबोधन में बताया कि लघु उद्योग भारती सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (MSME) के संवर्धन और संरक्षण हेतु समर्पित एक अखिल भारतीय संगठन है, जो देश भर में एमएसई क्षेत्र को सशक्त बनाने हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन एमएसई क्षेत्र की समस्याओं से संघर्ष करते हुए उद्यमों के विकास में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए कटिबद्ध है।
अध्यक्ष रोहिताश्व बंसल ने अपने वक्तव्य में कहा कि लघु उद्योग भारती न केवल देश का सबसे बड़ा औद्योगिक संगठन है, बल्कि एक सामाजिक संगठन भी है, जिसमें राष्ट्रहित को उद्यमी हितों से ऊपर रखा जाता है। उन्होंने युवाओं को रोजगार प्रदान करने और देश की आर्थिक मजबूती में लघु उद्योगों के अहम योगदान को रेखांकित किया।
सचिव सुरेंद्र केड़िया ने सभी सदस्य उद्यमियों से आग्रह किया कि वे अपनी समस्याएं मेल या लिखित रूप में संगठन के समक्ष प्रस्तुत करें ताकि उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया।

