देहरादून में लघु उद्योग भारती जिला कार्यकारिणी द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन क्लेमेंटटाउन, टर्नर रोड स्थित एक होटल में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डा. बिजय सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी सदस्यों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “समन्वय ही संगठन की वास्तविक ताकत है। बिना तालमेल के कोई भी संगठन मजबूत नहीं हो सकता।” उन्होंने संगठन की सक्रियता बढ़ाने के लिए प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित करने पर विशेष बल दिया।
डा. तोमर ने प्रदेश महिला इकाई को सशक्त बनाने की घोषणा करते हुए बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी के एक सदस्य को महिला उद्यमियों से समन्वय की जिम्मेदारी दी जाएगी। यह सदस्य महिला उद्यमियों से संवाद स्थापित कर बैठक की रूपरेखा एवं विषय तय करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार के लिए सभी उद्यमी सदस्यों के सुझावों का स्वागत है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार समय-समय पर उद्यमियों के हित में विभिन्न नियम एवं नीतियां लागू करती हैं। इन योजनाओं और नीतियों की सही जानकारी उद्यमियों तक पहुंचे, इसके लिए विभागीय अधिकारियों से संपर्क स्थापित करने हेतु एक समिति गठित की जाएगी। यही समिति सरकार और संगठन के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने का कार्य करेगी।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव गोयल ने कहा कि हमें एक-दूसरे की क्षमताओं और अनुभवों को पहचानकर संगठन हित में उनका समुचित उपयोग करना चाहिए।
जिला अध्यक्ष कमलजीत शर्मा ने घोषणा की कि जिला कार्यकारिणी प्रत्येक तीन माह में एक जनरल हाउस आयोजित करेगी, जिसमें जिले के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया जाएगा। इन बैठकों में प्रदेश में अधिक से अधिक उद्योग स्थापित करने, पलायन रोकने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया जाएगा। अंत में उन्होंने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में संगठन के विभिन्न पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे, जिनमें प्रदीप खंडूरी, जीपी पैन्यूली, संजय गुप्ता, राजेश शर्मा, मयंक गर्ग, पीएन यादव, राहुल ढंढ, उमेश मेहता, वरुण ढंढ, अनुराधा शर्मा एवं निष्ठा ढंढ सहित अनेक गणमान्य सदस्य शामिल रहे।

