लघु उद्योग भारती नेमावर रोड इकाई की बैठक संपन्न – औद्योगिक क्षेत्र के विकास पर चर्चा
लघु उद्योग भारती नेमावर रोड इकाई की बैठक दामोदर मुरारीलाल अग्रवाल दाल मिल पर संपन्न हुई, जिसमें औद्योगिक क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में पालदा औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन की स्थापना को लेकर बात हुई, जिसकी मांग लंबे समय से की जा रही है। शासन द्वारा इसे स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। इसे शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए 4 मार्च 2025 को कलेक्टर महोदय से भेंट करने का निर्णय लिया गया। इसी तरह, पालदा औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस चौकी की स्थापना को लेकर भी चर्चा हुई। इस दिशा में कई प्रयास किए गए हैं, और अब पुलिस कमिश्नर से मिलकर एक आधिकारिक पत्र सौंपने का निर्णय लिया गया। औद्योगिक क्षेत्र में सड़क निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए, नगर निगम कमिश्नर से भेंट कर रोड निर्माण हेतु पत्र सौंपने की योजना बनाई गई।
बैठक में लघु उद्योग भारती के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री शिव नारायण शर्मा, नेमावर रोड इकाई के सुरेश नुवाल, अक्षय वोहरा, जयेश कुकरेजा, शरद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अर्पित बंसल, सचिव राजेश नेमा और अध्यक्ष कोमल अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र के विकास से जुड़े इन तीन प्रमुख विषयों पर रणनीतिक निर्णय लिए गए, जिससे उद्योगों को बेहतर सुविधाएँ मिल सकेंगी। लघु उद्योग भारती नेमावर रोड इकाई शासन और प्रशासन के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर क्षेत्र के उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।

