गुवाहाटी में लघु उद्योग भारती द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का भव्य आयोजन
अखिल भारतीय लघु उद्योग भारती, पूर्वोत्तर प्रान्त द्वारा कल गुवाहाटी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती से जुड़ी महिला उद्यमियों की उपलब्धियों, उनके साहस, नवाचार और उद्यमिता के योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, उनके कार्यों को मंच प्रदान करना तथा समाज और उद्योग जगत में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना रहा। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती से जुड़ी अनेक महिला उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए और यह बताया कि किस प्रकार वे अपने उद्योगों के माध्यम से आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन में योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान लघु उद्योग भारती की सभी महिला उद्यमी नारी शक्तियों का सम्मान कर उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति में महिला उद्यमियों की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है और लघु उद्योग भारती महिलाओं को उद्योग, कौशल और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता और आत्मनिर्भर भारत की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्योगपति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

