नई दिल्ली में जीएसटी में राहत हेतु बैठक
आज नई दिल्ली में जीएसटी काउंसिल की बैठक में राजस्थान भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और चित्तौड़गढ़ के सांसद श्री सी.पी. जोशी जी, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव श्री नरेश जी पारीक सहित अन्य पदाधिकारियों ने केंद्रीय खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी जी, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी जी, राजस्थान प्रदेश के उद्योग, स्किल एवं खेल राज्य मंत्री श्री के.के. विश्नोई जी और बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं कमेटी के चेयरमैन श्री सम्राट चौधरी जी से भेंट की।
बैठक में मार्बल, ग्रेनाइट, खाद्य पदार्थ, कपड़ा, स्टील सहित विभिन्न उत्पादों पर जीएसटी कम करने की मांग प्रस्तुत की गई। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि जीएसटी में इस तरह के बदलाव से केवल उद्यमियों को ही नहीं, बल्कि आम जनता को भी बड़ी राहत मिलेगी।
इस संदर्भ में, उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा 15 अगस्त को लाल किले से की गई घोषणा का उल्लेख किया, जिसमें दीपावली पर्व पर जीएसटी में बड़ी सौगात देने की बात कही गई थी। लघु उद्योग भारती और अन्य प्रतिनिधियों का मानना है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी के मार्गदर्शन में जीएसटी में शीघ्र सुधार करके जनता को वास्तविक राहत प्रदान की जाएगी।

