लघु उद्योग भारती मध्य प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री माननीय श्री चैतन्य काश्यप जी के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय डॉ. मोहन यादव जी से सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात में संगठन ने प्रदेश के लघु उद्योगों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे जैसे दोहराकर, स्टांप ड्यूटी, मंडी टैक्स, पुराने उद्योगों को सोलर पर सब्सिडी का लाभ, तथा राइस मिल्स की पिछले दो वर्षों से लंबित मिलिंग राशि का भुगतान आदि विषयों को विस्तार से मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री जी ने मंडी टैक्स के मुद्दे को, जो पूर्व से ही उनके संज्ञान में था, गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित विभाग को आवश्यक आदेश जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अन्य विषयों पर भी जल्द अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर त्वरित समाधान का आश्वासन संगठन को दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने लघु उद्योग भारती के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन करते हुए संगठन द्वारा प्रतिवर्ष नववर्ष के अवसर पर प्रकाशित किए जाने वाले इस प्रयास की सराहना की और इसे उद्योग जगत के लिए प्रेरणादायी बताया। प्रतिनिधिमंडल में लघु उद्योग भारती के पूर्व अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री जितेन्द्र गुप्त, प्रदेश महामंत्री श्री अरुण सोनी, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अरविंद मनोहर काले, प्रदेश महिला प्रभारी श्रीमती सीमा मिश्रा एवं प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष श्री विनोद नायर उपस्थित रहे।

