लघु उद्योग भारती महाराष्ट्र के प्रतिनिधियों ने महामहिम राज्यपाल से की मुलाकात
लघु उद्योग भारती महाराष्ट्र के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल महामहीम श्री सी. पी. राधाकृष्णन से गुलमोहर सर्किट हाउस में एक महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल साहब के साथ प्रदेश के औद्योगिक विकास और विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
लघु उद्योग भारती ने महामहिम का ध्यान केंद्र और राज्य सरकार द्वारा बार-बार नीतियों में किए जाने वाले बदलावों की ओर आकर्षित किया, जिनका विशेष रूप से कृषि क्षेत्र (अतिआवश्यक वस्तु) में काम करने वाले उद्योगों पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। इन नीतिगत परिवर्तनों के कारण उद्योगों को अस्थिरता का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उत्पादन और व्यापार पर नकारात्मक असर हो रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल से अनुरोध किया कि कृषि क्षेत्र से संबंधित नीतियों का निर्धारण करते समय उद्योगों के हितों को ध्यान में रखा जाए। साथ ही, नीति निर्धारण को पूरे फसल वर्ष के लिए सुनिश्चित किया जाए, ताकि उद्योगों को स्थिरता मिल सके और वे दीर्घकालिक योजनाएं बना सकें।
इसके अलावा, लघु उद्योग भारती ने महामहिम से "मैत्री अधिनियम (राइट टू सर्विस)" के तहत की जा रही शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा करने का अनुरोध भी किया। उन्होंने कहा कि समय पर इन शिकायतों का समाधान होने से उद्योगों को सुचारू रूप से कार्य करने में सहायता मिलेगी।
लघु उद्योग भारती की ओर से आशीष चंदाराणा और अमित सराफ ने महामहिम राज्यपाल से सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की, जिसमें औद्योगिक विकास, नीतिगत स्थिरता और उद्योगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के मुद्दे शामिल थे।
इस मुलाकात ने प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र के सामने आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

