लघु उद्योग भारती रामपुर इकाई ने जीएसटी विभाग से की मुलाकात, व्यापारियों की समस्याओं पर हुआ सकारात्मक संवाद
लघु उद्योग भारती रामपुर इकाई के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपयुक्त जीएसटी अधिकारी श्री संदेश जैन से शिष्टाचार भेंट की और क्षेत्र के व्यापारियों को जीएसटी से संबंधित आ रही समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई, जिसमें व्यापारिक जगत की जमीनी चुनौतियों और समाधान के संभावित उपायों पर सार्थक चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने जीएसटी प्रक्रिया में आ रही व्यवहारिक कठिनाइयों, तकनीकी त्रुटियों और अनुपालन से जुड़ी समस्याओं पर ध्यान आकर्षित किया। इस पर श्री संदेश जैन ने आश्वस्त किया कि जीएसटी विभाग किसी भी व्यापारी को अनावश्यक परेशान नहीं करेगा और विभाग की ओर से पारदर्शी, सहयोगी एवं उद्योग-अनुकूल कार्यप्रणाली सुनिश्चित की जाएगी।
लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों द्वारा इस सकारात्मक सहयोग एवं उत्तरदायी दृष्टिकोण के लिए श्री संदेश जैन जी को सम्मानित भी किया गया। यह सम्मान संगठन और प्रशासन के बीच परस्पर सहयोग और विश्वास की भावना को और मजबूत करता है।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती रामपुर इकाई के जिला अध्यक्ष श्री दीपक गोयल, सचिव श्री शलभ गोयल, कोषाध्यक्ष श्री हरीश गोयल एवं उपाध्यक्ष सरदार हरजिंदर सिंह उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से व्यापारियों की समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासनिक संवाद को एक सकारात्मक पहल बताया।
इस मुलाकात ने यह स्पष्ट किया कि लघु उद्योग भारती व्यापारियों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने एवं व्यापारिक माहौल को सहज बनाने में एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य कर रही है।

