अखिल भारतीय स्तर पर एमएसएमई के हितों के लिए कार्य कर रही देश की सबसे बड़ी औद्योगिक संस्था, लघु उद्योग भारती ने अपने 32वें स्थापना दिवस के अवसर पर सामाजिक सरोकार को प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की। पूर्वोत्तर प्रांत के नेतृत्व में आज असम के गुवाहाटी के चांगसरी स्थित आईजीसी इंडस्ट्रियल पार्क में शीतल जल प्याऊ का उद्घाटन किया गया, साथ ही गौ माता एवं अन्य पशुओं के लिए पीने के पानी की खेळ (व्यवस्था) भी स्थापित की गई। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए औद्योगिक पार्क और उसके आसपास के क्षेत्र में वृक्षारोपण भी किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से लघु उद्योग भारती ने “संकल्प से सिद्धि” के अपने ध्येय को मूर्त रूप दिया, जिसमें उद्योगों के साथ-साथ समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया गया।

