वृहद् वृक्षारोपण महाअभियान: पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास
लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रांत, Jodhpur Pollution Control & Research Foundation (Textile Division) और RSSRA Jodhpur Pollution Control & Research Foundation (Steel Division) के संयुक्त तत्वावधान में भवन परिसर के आसपास वृहद् वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और औद्योगिक क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री घनश्याम जी ओझा ने अपने उद्बोधन में औद्योगिक क्षेत्रों में वृक्षारोपण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और पेड़ों के साथ भावनात्मक जुड़ाव बनाना चाहिए।
राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मण्डल जोधपुर की क्षेत्रीय अधिकारी सुश्री कामिनी सोनगरा ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिकाधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे।
कार्यक्रम के दौरान लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रांत अध्यक्ष श्री महावीर चौपड़ा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वृक्षारोपण को समय की आवश्यकता बताया और कहा कि प्राकृतिक असंतुलन को रोकने का एकमात्र उपाय वृक्षारोपण है।
प्रांत उपाध्यक्ष श्री दीपक माथुर और प्रांत संयुक्त महासचिव श्री सुरेश कुमार विश्नोई ने जानकारी दी कि लघु उद्योग भारती "एक सदस्य-एक पेड़" अभियान के तहत सभी इकाइयों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करेगी। जोधपुर प्रांत का लक्ष्य है कि 5000 वृक्ष लगाए जाएंगे, जो सभी इकाइयों के माध्यम से लगाए जाएंगे और आवश्यकतानुसार ट्री गार्ड भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम संयोजक श्री अशोक कुमार संचेती ने औद्योगिक क्षेत्रों में पर्यावरणीय चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी विभागों और उद्यमियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आग्रह किया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के कुल 21 प्रकार के छायादार वृक्ष ट्री गार्ड के साथ लगाए गए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रांत कोषाध्यक्ष श्री नितिन सालेचा, श्री जसराज बोथरा, प्रदूषण नियंत्रण मण्डल जोधपुर की कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी सुश्री रीतु शर्मा, श्री अंकुर अग्रवाल, श्री राजेन्द्र दवे सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

