सुनाम में लघु उद्योग भारती की संयोजक इकाई की घोषणा, संगठन मंत्री ने दिया आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संदेश
लघु उद्योग भारती की सुनाम इकाई की संयोजक टीम की घोषणा एक गरिमामय समारोह में संपन्न हुई। इस अवसर पर अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश चंद्र जी, अखिल भारतीय उपाध्यक्ष एवं उत्तरी क्षेत्र प्रभारी एडवोकेट अरविंद धूमल जी, उत्तर क्षेत्र समन्वयक विक्रांत शर्मा जी, प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप मोंगिया जी, तथा संयुक्त महासचिव अनिल शर्मा जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सुनाम इकाई के लिए पवित्र सिंगला जी को जिला संयोजक तथा विनोद कुमार जी को सह-संयोजक घोषित किया गया।
समारोह संयोजक प्रदीप मैनन जी ने इस अवसर पर संगठन की गतिविधियों में सभी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
एडवोकेट अरविंद धूमल जी ने अपने संबोधन में संगठन की नीतिगत सोच को गांव-गांव और उद्योग-उद्योग तक पहुँचाने का आह्वान किया, जिससे लघु उद्योग भारती की विचारधारा जनमानस तक पहुँचे।
श्री प्रकाश चंद्र जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि लघु उद्योग भारती अन्य संगठनों से अलग सोच रखती है। उन्होंने लघु, कुटीर, सूक्ष्म व मध्यम उद्योगों को देश की आर्थिक रीढ़ बताते हुए कहा कि ये उद्योग सबसे अधिक रोजगार उपलब्ध कराते हैं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में इनकी केंद्रीय भूमिका है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट व योजनाओं में लघु उद्योग भारती के सुझावों को अपनाया गया है, जिससे संगठन की नीतिगत भूमिका स्पष्ट होती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि संगठन “राष्ट्र प्रथम” की भावना से काम करता है, और यही कारण है कि भारत वैश्विक मंच पर आर्थिक रूप से तेज़ी से आगे बढ़ रहा है जबकि कई विकसित देश अस्थिरता से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने उद्योग व जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं, तो समाज और राष्ट्र भी सशक्त होता है।
अंत में उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की संरचना को मजबूत करें, अधिक से अधिक नए सदस्य जोड़ें और लघु उद्योग भारती को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अग्रणी बनाने में सक्रिय योगदान दें।

