ESG कार्यशाला : उद्योगों के लिए पर्यावरण, सामाजिक और शासन के मानकों की समझ को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल
यूपीकॉन और लघु उद्योग भारती के संयुक्त तत्वावधान में 19 जून, दिन बृहस्पतिवार को प्रातः 11:00 बजे बिजनौर स्थित रॉयल सिद्ध कैसल में ईएसजी (ESG – पर्यावरण, सामाजिक और शासन) विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य उद्यमियों को यह समझाना था कि किस प्रकार वे अपने उद्योगों में पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर सकते हैं और सुशासन की दिशा में कार्य कर सकते हैं।
कार्यक्रम में यूपीकॉन के प्रशिक्षकों द्वारा उपस्थित सभी उद्यमियों को ESG की अवधारणा, उसकी आवश्यकता और औद्योगिक प्रक्रियाओं में इसके प्रभावी क्रियान्वयन की विधियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष श्री कुलदीप जैन ने की। संचालन महामंत्री इंजीनियर मणि खन्ना एवं जिला कोषाध्यक्ष राजेश अरोड़ा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल, रामेंद्र, प्रतीक जैन, राघव गर्ग, देव जैन, निशु जैन, श्रीमती अंजलि जैन, शैलेन्द्र खन्ना, ओमप्रकाश कौशल, अचल महर्षि, आशीष शंकर, शोभित गुप्ता, नेपाल सिंह सहित अनेक प्रतिष्ठित उद्योगपति उपस्थित रहे। कार्यशाला में 50 से अधिक उद्यमियों ने सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम के अंत में विशेष अतिथि उपायुक्त उद्योग श्री अमित कुमार द्वारा सभी प्रतिभागियों को ESG कार्यशाला में सहभागिता हेतु प्रमाण पत्र वितरित किए गए। यह आयोजन ESG की दिशा में स्थानीय उद्योगों को जागरूक एवं प्रेरित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रहा।

