छत्तीसगढ़ में IIF 2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक, प्रशासन का मिला पूर्ण सहयोग
छत्तीसगढ़ में आगामी सितंबर माह में आयोजित होने वाले इंटरनेशनल इंडस्ट्री फेयर (IIF) 2026 की तैयारियों को लेकर 24 मार्च 2026 को लघु उद्योग भारती के प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई। इस क्रम में LUB प्रदेश अध्यक्ष डॉ. श्रीमती सी.पी. दूबे, प्रदेश सचिव श्री प्रांजल ठाकुर एवं श्रीमती तूलिका पांडे ने राज्य के प्रमुख प्रशासनिक एवं औद्योगिक अधिकारियों से भेंट कर आयोजन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग सचिव श्री रजत कुमार, विधानसभा अध्यक्ष श्री रमन सिंह एवं CSIDC के डायरेक्टर से मुलाकात कर उन्हें IIF के उद्देश्य, स्वरूप एवं संभावनाओं से अवगत कराया। बैठक के दौरान प्रदर्शनी के लिए उपयुक्त स्थान चयन पर गहन विचार-विमर्श किया गया, जिससे आयोजन को व्यापक और प्रभावी बनाया जा सके।
उद्योग सचिव श्री रजत कुमार ने विशेष रूप से इस बात पर प्रकाश डाला कि किन-किन औद्योगिक क्षेत्रों से उद्यमियों को आमंत्रित किया जाना चाहिए, ताकि प्रदर्शनी में विविधता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
सभी संबंधित अधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया, जिससे यह स्पष्ट है कि IIF 2026 छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


