अखिल भारतीय लघु उद्योग भारती की राष्ट्रीय बैठक का मुंबई में सफल समापन
दिनांक 11 से 13 अप्रैल 2025 तक महाराष्ट्र के मुंबई शहर में आयोजित अखिल भारतीय लघु उद्योग भारती की तीन दिवसीय राष्ट्रीय बैठक आज सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह बैठक संगठन की नीति, दिशा और आगामी योजनाओं पर मंथन का एक महत्वपूर्ण अवसर बनी।
बैठक के प्रथम दिन (11 अप्रैल) का आरंभ दोपहर भोजन के पश्चात हुआ, जिसमें देशभर से आए राष्ट्रीय कार्यसमिति पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य प्रमुख प्रतिनिधि सम्मिलित हुए। बैठक का संचालन संगठन मंत्री माननीय श्री प्रकाश जी भाई साहब के सशक्त मार्गदर्शन में हुआ।
दूसरे दिन (12 अप्रैल) महाराष्ट्र सरकार के उद्योग मंत्री श्री उदय सामंत जी ने बैठक में शिरकत कर संगठन को प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं तीसरे दिन (13 अप्रैल) मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अखिल भारतीय सह व्यवस्था प्रमुख माननीय श्री विजय कुमार जी ने सभी उपस्थित सदस्यों को संबोधित किया और संगठन के सामाजिक व औद्योगिक उत्तरदायित्वों पर बल दिया।
बैठक का विधिवत समापन 13 अप्रैल को दोपहर भोजन के बाद किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में बीते कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों और योजनाओं के लिए ठोस निर्णय लिए गए।
बैठक में लिए गए निर्णयों एवं चर्चाओं का विस्तृत विवरण सभी सदस्यों के साथ शीघ्र ही साझा किया जाएगा। संगठन को नई दिशा देने वाली यह बैठक, लघु उद्योग भारती के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध हुई।

