लघु उद्योग भारती, जिला आगरा के विशेष सहयोग से उत्तर भारत के प्रतिष्ठित “उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2026” का आयोजन 14 से 16 जून 2026 तक होटल जेपी पैलेस एंड कन्वेंशन सेंटर, आगरा में किया जा रहा है। यह एक्सपो केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि खाद्य उद्योग से जुड़े उद्यमियों को नई तकनीकों, सरकारी योजनाओं और व्यावसायिक संभावनाओं से जोड़ने का एक प्रभावी मंच है।
तीन दिवसीय इस आयोजन में पांच राज्यों से आए 150 से अधिक प्रदर्शक फूड प्रोसेसिंग मशीनरी, कोल्ड चेन सॉल्यूशन, वेयरहाउसिंग तकनीक, स्मार्ट पैकेजिंग और नवीनतम औद्योगिक नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। उद्यमियों को अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने, लागत कम करने और आधुनिक तकनीकों को समझने का अवसर प्राप्त होगा।
एक्सपो में MSME मंत्रालय, भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, बैंकिंग क्षेत्र के प्रतिनिधि और उद्योग विशेषज्ञ भी उपस्थित रहेंगे, जो उद्यमियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, अनुदान, ऋण सुविधाओं एवं नीतिगत पहलुओं की जानकारी प्रदान करेंगे।
साथ ही, यह आयोजन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हजारों उद्यमियों, निर्यातकों, रिटेल चेन और वितरकों के साथ B2B नेटवर्किंग का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा, जिससे नए व्यापारिक संबंध, ऑर्डर और साझेदारी की संभावनाएं विकसित होंगी।
लघु उद्योग भारती के सदस्यों के लिए प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है, हालांकि पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण कराने वाले प्रत्येक सदस्य को आयोजन स्थल पर अल्पाहार हेतु विशेष कूपन भी प्रदान किया जाएगा।
लघु उद्योग भारती, जिला आगरा ने सभी सदस्यों एवं उद्यमियों से इस महत्वपूर्ण आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर नई तकनीक, नए विचार और नए व्यापारिक अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया है। एक्सपो के साथ आयोजित कॉन्फ्रेंस में विशेषज्ञों से सीधा संवाद करने का अवसर भी उपलब्ध रहेगा, जहां सीमित सीटों के कारण “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर पंजीकरण किया जाएगा।

