लघु उद्योग भारती चौपानकी इकाई ने उठाई सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं की मांग – भिवाड़ी SP, RIICO और थाना अधिकारी से की महत्वपूर्ण बैठक
दिनांक 08 जुलाई 2025 को लघु उद्योग भारती चौपानकी इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने भिवाड़ी की पुलिस अधीक्षक (SP) सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी, रीको फेस-2 के हेड इंचार्ज श्री आदित्य शर्मा एवं चौपानकी थाना अधिकारी श्री नाथूलाल मीणा से मुलाकात की। बैठक में चौपानकी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं को लेकर गहरी चिंता जताई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पिछले दिनों क्षेत्र के कई उद्योगों में चोरी की घटनाएं हुई हैं, जिन पर अब तक कोई ठोस कार्यवाही या रिकवरी नहीं हुई है। इससे उद्योगपतियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। थानाधिकारी से मांग की गई कि इन मामलों को शीघ्र सुलझाया जाए, चोरों को पकड़ा जाए और चोरी गए सामान की रिकवरी कराई जाए।
इसके अतिरिक्त, चौपानकी क्षेत्र की आधारभूत समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। रीको अधिकारी श्री आदित्य शर्मा से आग्रह किया गया कि टूटी सड़कों की मरम्मत कराई जाए, कचरा सफाई अभियान चलाया जाए, स्ट्रीट लाइट्स और बिजली पोल लगाए जाएं, नालियों की सफाई हो, नई पौधों का वितरण किया जाए तथा जिन इकाइयों में जलापूर्ति की पाइपलाइन नहीं पहुंची है वहां आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र करवाई जाएं।
बैठक में चौपानकी इकाई अध्यक्ष श्री विमल पंडित, सचिव श्री नवीन सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री रजनीश त्यागी, श्री सुरेंद्र चड्ढा, उपाध्यक्ष श्री विडल गर्ग, श्री अनूप केडिया, श्री संजय जी व श्री विक्रम सुराणा उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर क्षेत्रीय समस्याओं को समाधान की दिशा में ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।

