लघु उद्योग भारती जोरहाट इकाई द्वारा नगर के छोलधारा स्थित डी रॉयल पाम होटल में एक भव्य साधारण सभा का आयोजन किया गया। सभा की शुरुआत माँ भारती और विश्वकर्मा भगवान के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई, जिससे कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत आध्यात्मिक और ऊर्जा से भरपूर हो गया। बैठक में आगामी वर्ष के लिए संगठन के विस्तार, गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जोरहाट इकाई ने लघु उद्योग भारती के वर्ष 2025-2027 के कार्यकाल हेतु नई समिति का गठन भी सर्वसम्मति से किया। सभा में संगठन को स्थानीय स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने, अधिक से अधिक उद्यमियों को जोड़ने और नए प्रकल्पों के माध्यम से क्षेत्र में लघु उद्योगों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। यह बैठक जोरहाट इकाई के लिए संगठनात्मक मजबूती और नवचेतना का प्रतीक बनी, जिसमें सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता और उत्साह स्पष्ट रूप से नजर आया।

